अरविंद अग्रवाल
पलामू। डाल्टनगंज-औरंगाबाद मुख्य मार्ग एनएच 98 में भीषण सड़क हादसा हुआ। एक कंटेनर की चपेट में साइकिल सवार आ गया, जिसके कारण उसकी दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे के बाद नेशनल हाइवे पर घंटों जाम लगा रहा।
घटना 13 अक्टूबर को छतरपुर थाना क्षेत्र के एनएच 98 में बैरीयाडीह मोड़ के पास घटी। औरंगाबाद से डालटेनगंज की तरफ जा रहा कंटेनर अनियंत्रित हो गई। इसकी वजह से साइकिल सवार को उसने अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि करीब 4 मीटर तक कंटेनर ने साइकिल को घसीटा। उसे कुचलते हुए उसके ऊपर चढ़ गया।
मृतक व्यक्ति की पहचान छतरपुर थाना क्षेत्र के वारा गांव निवासी 50 वर्षीय प्रवेश प्रजापति के रूप में की गई है। प्रवेश राजमिस्त्री का काम करने बैरीयाडीह गांव जा रहे थे। घटना की जानकारी मिलते ही छतरपुर थाना प्रभारी शेखर कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी कामेश्वर बेदिया घटनास्थल पहुंचे। तब तक लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गया। छतरपुर पुलिस ने बेकाबू कंटेनर को पकड़ लिया गया।
इस घटना के कारण डालटनगंज औरंगाबाद मुख्यमार्ग करीब 3 घंटे तक दोनों तरफ जाम रहा। जाम हटाने के लिए पुलिस को भी काफी मशक्कत करनी पड़ी।
मौके पर युवा समाजसेवी सह नगर पंचायत अध्यक्ष पद के पूर्व प्रत्याशी अरविंद (चुनमुन गुप्ता), मां सुरजी क्लीनिक के डॉ संतोष कुमार रवि, सुनील कुमार सिंह, वार्ड 15 के संतोष कुमार सिंह, सनोज कुमार,उमेश कुमार यादव ने पहुंचे। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाया। प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की।
चुनमुन ने कहा कि छतरपुर दुर्घटनाओं का शहर बन गया है। कोई भी दिन या महीना नहीं कि दुर्घटना ना हो। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत शहर के एनएच 98 पर बड़े वाहनों की स्पीड कंट्रोल और नो इंट्री जोन लगाने की मांग स्थानीय प्रशासन से की है। इसे लेकर स्थानीय प्रशासन को लगातार पत्र लिखे जा रहे हैं। इसके बावजूद ना ही जिला प्रशासन और ना ही स्थानीय प्रशासन दुर्घटनाओं को रोकने के लिए कोई ठोस पहल कर रही है।
छतरपुर थाना प्रभारी शेखर कुमार ने बताया कि घटना में एक साइकिल सवार व्यक्ति की मौत हुई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस की मदद से कंटेनर को पकड़ लिया गया है। स्थानीय लोगों ने मृतक के परिजनों को आर्थिक सहयोग भी किया है।
बताते चलें कि इसी हाइवे पर 15 दिन पहले एक महिला की मौत दर्दनाक हो गई थी। हाइवा और कंटेनर से लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। इससे अब तक दर्जनों लोगों की जान चली गई है।