नई दिल्ली। रेल कर्मचारियों के देशव्यापी आंदोलन के बीच केंद्र सरकार ने उन्हें बोनस का तोहफा दिया है। देशभर के रेल कर्मचारियों को 1832 करोड़ रुपये का बोनस दिया जाएगा। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 12 अक्टूबर को इसकी मंजूरी दी।
केंद्रीय कैबिनेट की मीटिंग के बाद केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि रेल विभाग के 11,27,000 कर्मचारियों को 1,832 करोड़ रुपये का प्रोडक्टिविटी लिंक्ड बोनस दिया जाएगा। यह 78 दिनों का बोनस होगा। इसकी अधिकतम सीमा 17,951 रुपये होगी।
जानकारी हो कि रेल कर्मचारी लंबित 16 सूत्री मांगों के निस्तारीकरण में हो रही अनावश्यक देरी के खिलाफ आज देशभर में भूख हड़ताल पर हैं। इन मांगों में नई पेंशन स्कीम समाप्त कर पुरानी पेंशन स्कीम लागू करना, भारतीय रेलवे में निजीकरण और निगमीकरण बंद करना, 1 जनवरी, 2020 से 30 जून, 2021 की अवधि में बढ़े महंगाई भत्ते और महंगाई राहत के एरियर का भुगतान करना शामिल है।