पलामू आरडीडीई ने स्‍कूलों का किया औचक निरीक्षण, पाई गई कई गड़बड़ी

झारखंड शिक्षा
Spread the love

विवेक चौबे

गढ़वा। पलामू आरडीडीई शिव साह ने गढ़वा जिले के कांडी प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत तीन विद्यालयों का सोमवार को औचक निरीक्षण किया। इस क्रम में उत्क्रमित मध्य विद्यालय गोसांग, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय कांडी और राजकीय कृत +2 उच्च विद्यालय कांडी गये। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में विधि-व्यवस्था और शिक्षकों के दायित्व पालन में भारी अनियमितता पाई गई।

आरडीडीई शिव साह ने बताया कि उत्क्रमित मध्य विद्यालय गोसांग में एमडीएम और बच्चों का पठन-पाठन संतोष जनक पाया गया। कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में एक-दो शिक्षक को छोड़कर अन्य शिक्षक गुणवत्ताहीन पाए गए। आवासीय विद्यालय के शिक्षकों की गुणवत्ता पर असंतोष जताते हुए विद्यालय में अध्यनरत छात्राओं के प्रति उन्होंने खेद प्रकट किया। उन्होंने कहा कि जिस विद्यालय में शिक्षक ही अयोग्य हों, उस विद्यालय की छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा कैसे मिल सकती है।

वर्ग 6 के छात्राओं से पूछे जाने पर पता चला कि मेन्यू के अनुसार नाश्‍ता और भोजन नहीं दिया जा रहा है। कोरोना काल के बाद से छात्राओं को नॉनवेज भोजन नहीं दिया गया है।

राजकीयकृत +2 उच्च विद्यालय कांडी में शिक्षकों के बीच आपसी भेदभाव के कारण कई समस्या देखने को मिली। इसे लेकर आरोप प्रत्यारोप देखा गया। मध्य विद्यालय के शिक्षकों का कहना है कि विद्यालय में एमडीएम के दायरे में 828 विद्यार्थी हैं, जिसमें 15 प्रतिशत मध्याह्न भोजन किए बिना ही घर चले जाते हैं। इसे लेकर आरडीडीई ने पूर्व प्रभारी प्रधानाध्यपक अरविंद कुमार को कड़ी फटकार लगाई। कहा कि विद्यालय में बच्चों को भोजन देने के लिए थाली की राशि आती है। किस कारण से थाली की खरीद नहीं की गई। इसकी विभाग को सूचना क्‍यों नहीं दी गई।

आरडीडीई ने कहा कि दो-चार दिन में डीईओ, डीएसई, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी, बीपीओ, सीआरपी व सीआरसी के साथ पहुंचकर सम्बन्धित विषयों पर चर्चा की जाएगी। कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, राजकीयकृत +2 उच्च विद्यालय की पूर्ण रूप से जांच कर दोषी जाने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मौके पर प्रभारी प्रधानाध्यापिका विद्यानी बाखला, रामप्रसाद पाठक, अरविंद कुमार, मोहम्मद समी अहमद, दुर्गेश दुबे, उमेश कुमार गुप्ता, राजू रंजन, उदय राम सहित अन्य शिक्षक उपस्थित थे।