पलामू : वज्रपात से एक ही परिवार के 3 लोग झुलसे, एक की हालत चिंताजनक

झारखंड
Spread the love

अरविंद अग्रवाल

पलामू। जिले में अचानक बारिश के बाद आकाशीय बिजली (वज्रपात) गिरने से एक ही परिवार के तीन लोग झुलस गये। घटना छतरपुर थाना क्षेत्र की हुलसम पंचायत भवन के समीप बहेरा बस्ती में 12 अक्‍टूबर की सुबह करीब 10:30 बजे की है। इसमें एक महिला की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।

जिला अस्‍पताल रेफर

आकाशीय बिजली गिरने से झुलसे लोगों को आनन-फानन में परिजन और ग्रामीणों द्वारा टेम्पू की मदद से अनुमंडलीय अस्पताल, छतरपुर में भर्ती कराया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार कर एक महिला की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। अन्य का इलाज चिकित्सकों के द्वारा किया जा रहा है। घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

गाय-बकरी चरा रहे थे

परिवार के लोग हुलसम पंचायत भवन के समीप बहेरा बस्ती के समीप खेतों में गाय बकरी चरा रहे थे। अचानक बारिश होने लगी। इसके बाद आकाशीय बिजली गिरी। उसने बच्चे सहित परिवार के 3 लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। बिजली की चपेट में आने से हुलसम गांव निवासी संतोष सिंह 37 वर्ष, उनकी पत्नी सावित्री देवी 35 वर्ष और पुत्र श्याम सिंह 4 वर्ष झुलस गए। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।

चिकित्‍सकों ने ये कहा

चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति नाजुक होने पर घायल संतोष सिंह की पत्नी सावित्री देवी को जिला मुख्यालय के लिए रेफर कर दिया। अन्य का इलाज चल रहा है। छतरपुर प्रभारी चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि अकाशीय बिजली की चपेट में आने से झुलसे मरीजों में एक महिला की स्थिति चिंताजनक है। बाकी सभी खतरे से बाहर हैं। उनका अनुमंडलीय अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।