रांची। झारखंड की राजधानी रांची स्थित ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल में दिवाली एवं छठ पूजा समारोह 22 अक्टूबर को बड़े धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय की प्रातः कालीन प्रार्थना सभा में दसवीं कक्षा के छात्र सिद्धार्थ कुमार और 12वीं कक्षा के छात्र अंकित यादव ने दीपावली एवं छठ पूजा के महत्व पर प्रकाश डाला।
छात्राओं ने इस अवसर पर आकर्षक छठ गीत प्रस्तुत किए। दीपावली के शुभ अवसर पर विद्यालय में रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई थी, जिसमें विद्यालय के 4 सदनों किट्स, बायरन, शेक्सपीयर और इलियट सदन के विद्यार्थियों ने भाग लिया। इसमें ग्रुप ‘ए’ में बायरन, ग्रुप ‘बी’ शेक्सपीयर, ग्रुप ‘सी’ में इलियट एवं ग्रुप ‘डी’ में शेक्सपियर सदन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
विद्यालय के जूनियर विंग में इस अवसर पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कक्षा चौथी एवं पांचवीं के विद्यार्थियों के लिए ‘रंगोली बनाओ’ प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें बच्चों ने विभिन्न प्रकार के आकर्षक आकृतियों को उकेर कर अपनी सृजनशक्ति का परिचय दिया।
कक्षा प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय के बच्चों ने आकर्षक दीप सजाकर अध्यापकों एवं छात्रों की वाहवाही लूटी। कक्षा पांचवीं के बच्चों ने लघु नाटिका के माध्यम से प्रदूषण रहित ‘इको फ्रेंडली’ दीपावली मनाने का संदेश दिया। इस अवसर पर कक्षा नर्सरी एवं प्रेप के बच्चों ने मनमोहक नृत्य नाटिका प्रस्तुत की।
![](https://dainikbharat24.com/wp-content/uploads/2022/10/31ox1-1024x355.jpeg)
इस अवसर पर विद्यालय की एकेडमिक डायरेक्टर डॉ सिमी मेहता ने सभी छात्र-छात्राओं को दीपावली एवं छठ पूजा की शुभकामनाएं देते हुए अपने वक्तव्य में कहा कि भारतीय पर्व त्योहार हमें हमारी संस्कृति से जोड़े रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सभी छात्र छात्राओं को उन्होंने अपने पर्व त्योहारों को पूरे दिल से मनाने की सलाह दी।
विद्यालय के प्राचार्य राज किशोर शर्मा ने विद्यार्थियों को दीपावली एवं छठ की शुभकामनाएं देते हुए अपने उद्बोधन में कहा कि यह समय कक्षा 10वीं तथा 12वीं के विद्यार्थियों के लिए बहुत ही बड़ा अवसर साबित हो सकता है। यही समय है जब सभी बच्चे आने वाली बोर्ड परीक्षा की तैयारी पूरी लगन एवं निष्ठा के साथ कर सकते हैं।
विद्यालय के उप प्राचार्य केआर झा ने कहा कि भारतीय पर्व त्योहार हमारी परंपरा के द्योतक है सभी बच्चों को अपने घरों में होने वाले पर्व त्योहारों में आवश्यक रूप से शामिल होना चाहिए।
जूनियर विंग इंचार्ज रवि शेखर ने सभी विद्यार्थियों को दीपावली एवं छठ की शुभकामनाएं दी। कहा कि दीपावली अंधकार पर प्रकाश की विजय का पर्व है। वहीं छठ पूजा हमारे समाज में समरसता की भावना को प्रदर्शित करता है।