मुलायम सिंह की बिगड़ी तबीयत, आईसीयू में भर्ती, दिल्ली पहुंचा परिवार

नई दिल्ली देश
Spread the love

नई दिल्ली। रविवार को उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम मुलायम सिंह यादव की तबीयत अचानक बिगड़ गयी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्हें मेदांता अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है।

शिवपाल यादव और प्रतीक यादव मेदांता में ही मौजूद हैं। अखिलेश यादव, डिंपल यादव और अपर्णा यादव भी दिल्ली पहुंच चुके हैं। खुद डॉ. नरेश त्रेहन मुलायम सिंह यादव के स्वास्थ्य की निगरानी कर रहे हैं।

तकरीबन 82 साल के हो चुके मुलायम सिंह यादव का स्वास्थ्य लगातार खराब चल रहा था। उन्हें जून में गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह अभी तक अस्पताल के प्राइवेट वार्ड में ही भर्ती थे।

रविवार दोपहर अचानक उनको सांस लेने में दिक्कत महसूस होने लगी। इसके बाद उन्हें तत्काल आईसीयू में शिफ्ट कर दिया गया। जांच में पता चला कि उनका ऑक्सीजन लेवल और ब्लड प्रेशर कम हो गया था।

जानकारी के मुताबिक, मेदांता के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. नरेश त्रेहन खुद मुलायम सिंह यादव की निगरानी कर रहे हैं। शिवपाल यादव और मुलायम के दूसरे बेटे प्रतीक यादव पहले से ही दिल्ली में मौजूद हैं।

वहीं सेहत खराब होने की खबर सुनने के बाद अखिलेश यादव और अपर्णा यादव भी दिल्ली पहुंच गए। समाजवादी पार्टी के ट्विटर हैंडल से भी इस बात की पुष्टि की गई है।

सपा ने लिखा है कि आदरणीय नेताजी गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल के आईसीयू में भर्ती हैं, उनकी हालत स्थिर है। वरिष्ठ डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।