गृह मंत्रालय ने वरिष्‍ठ IAS अधिकारी जितेंद्र नारायण को किया निलंबित

नई दिल्ली देश
Spread the love

नई दिल्‍ली। गृह मंत्रालय ने वरिष्ठ IAS अधिकारी जितेंद्र नारायण को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। वह AGMUT कैडर के 1990 बैच के हैं। मंत्रालय को 16 अक्‍टूबर, 2022 को अंडमान और निकोबार पुलिस से अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के तत्कालीन मुख्य सचिव जितेंद्र नारायण और अन्य द्वारा एक महिला के कथित यौन उत्पीड़न के संबंध में एक रिपोर्ट प्राप्त हुई।

रिपोर्ट में जितेंद्र नारायण की ओर से गंभीर कदाचार और आधिकारिक पद के दुरुपयोग की संभावना के संकेत को देखते हुए केंद्रीय गृह मंत्री ने संबंधित अधिकारी के खिलाफ कानून के अनुसार तत्काल सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया। तदनुसार जितेंद्र नारायण को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही का आदेश दिया गया है।

सरकार अपने अधिकारियों की रैंक और स्थिति पर ध्यान दिये बिना उनके अनुशासनहीनता के कृत्यों के प्रति, खासकर महिलाओं की गरिमा से जुड़ी घटनाओं के संबंध में, शून्य सहिष्णुता सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इस मामले में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है। अंडमान एवं निकोबार पुलिस की एसआईटी द्वारा आपराधिक मामले में अलग से कार्रवाई की जा रही है।