सरकारी स्‍कूल की छुट्टी में संशोधन, आदेश जारी

झारखंड शिक्षा
Spread the love

रांची। सरकारी स्‍कूल की छुट्टी में संशोधन किया गया है। इसका आदेश रांची जिला शिक्षा अधीक्षक ने जारी कर दिया है। इसकी सूचना सभी कोटि के प्रारंभिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक, प्रभारी प्रधानाध्यापक, सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, अवर विद्यालय निरीक्षक रांची-1, 2 और सभी क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारी को दी गई है। वरीय पदाधिकारियों को भी इसकी जानकारी दी गई है।

जानकारी के मुताबिक अवकाश तालिका वर्ष 2022 में ईद मिलाद-उन-नबी की छुट्टी हिन्दी और उर्दू विद्यालयों के लिए 8 अक्टूबर, 2022 घोषित है। इस ओर पदाधिकारी का ध्‍यान अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ, रांची द्वारा आवेदन देकर आकृष्‍ट कराया गया।

शिक्षक संघ ने कहा कि 9 अक्टूबर, 2022 को ईद मिलाद-उन-नबी है। इस स्थिति में शिक्षक संघ द्वारा छुट्टी के दिन में संशोधन करने का अनुरोध किया गया। संघ के अनुरोध के आलोक में रांची जिले के प्रारंभिक विद्यालयों में ईद मिलाद-उन-नबी के अवसर पर 8 अक्टूबर, 2022 को घोषित अवकाश के स्थान पर उर्दू विद्यालयों में 9 अक्टूबर, 2022 (रविवार) को अवकाश घोषित किया गया है।

जिला शिक्षा अधीक्षक द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि 8 अक्‍टूबर, 2022 को पूर्व की भांति सभी कोटि के प्रारंभिक विद्यालयों का संचालन निर्धारित समय के अनुसार किया जायेगा। इस संबंध में 28 दिसंबर, 2021 को निर्गत कार्यालय ज्ञापांक को इस हद तक संशोधित समझा जाय।

आदेश के मुताबिक शेष अंकन यथावत रहेंगे। उक्त आदेश पर दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल क्षेत्रीय शिक्षा संयुक्त निदेशक का अनुमोदन प्राप्त है।