बीएयू के डॉ यूएस वर्मा को विश्व सेवा रत्न और डॉ पंकज सेठ को मिला राष्ट्रीय सेवा रत्न अवार्ड

झारखंड
Spread the love

रांची। भारत सरकार एवं एसीआई द्वारा मान्यता प्राप्त संस्थान विश्व सेवा परिषद् ने शुक्रवार को विश्व सेवा रत्न अवार्ड 2022 समारोह का आयोजन किया गया। नई दिल्ली के रफी मार्ग स्थित डिप्टी स्पीकर हॉल में आयोजित सम्मान समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान के लिए राष्ट्रीय एवं विश्व सेवा रत्न अवार्ड नेपाल के गृह एवं संचार मंत्री मधेश प्रदेश भरत प्रसाद साह ने सम्मानित किया।

समारोह में चिकित्सा के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवा एवं योगदान के लिए बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ यूएस वर्मा को विश्व सेवा रत्न अवार्ड -2022 से सम्मानित किया गया। डॉ वर्मा इस सम्मान पाने वाले झारखंड के पहले चिकित्सक है। उन्होंने निरंतर शोध से होमियोपैथी चिकित्सा में असाध्य रोगों के अचूक इलाज की खोज की है। अबतक 66 फार्मूला की खोज कर दुनिया का ध्यान आकृष्ट किया है। कोरोना वायरस के निजात में यूभी संजीवनी गोल्ड एक महत्वपूर्ण खोज रही।

मौके पर पशु चिकित्सा प्रसार के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवा एवं योगदान के लिए बिरसा कृषि विश्वविद्यालय अधीन संचालित कृषि विज्ञान केंद्र, सरायकेला-खरसांवा के वैज्ञानिक (पशु चिकित्सा) डॉ पंकज सेठ को राष्ट्रीय सेवा रत्न अवार्ड -2022 से सम्मानित किया गया। डॉ सेठ को यह पुरस्कार आदिवासी, समाज के कमजोर वर्ग एवं महिलाओं में पशुधन विकास के माध्यम से आजीविका एवं पोषण सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए मिला।

मौके पर विश्व सेवा परिषद् के सुभाष साहू, डॉ बीबी राज, सुदर्शन भगत, मनीश शरण, गनौरी राम सहित संस्था से जुड़े बुद्धिजीवी भी मौजूद थे।

कुलपति डॉ ओंकार नाथ सिंह ने विश्व सेवा परिषद् द्वारा डॉ यूएस वर्मा को विश्व सेवा रत्न अवार्ड एवं डॉ पंकज सेठ को राष्ट्रीय  सेवा रत्न अवार्ड से सम्मानित किये जाने पर ख़ुशी व्यक्त की और बधाई दी है।