अगले 12 घंटे में विकराल रूप धारण कर लेगा चक्रवाती तूफान, जानें अपडेट

नई दिल्ली देश मुख्य समाचार
Spread the love

नई दिल्‍ली। बंगाल की खाड़ी के पश्चिम-मध्य और आसपास के क्षेत्र में बना चक्रवाती तूफान ‘सितरंग’ तेजी से तटीय इलाके की ओर बढ़ रहा है। इसे लेकर पश्चिम बंगाल और ओडिशा के कई जिलों के लिए अलर्ट जारी किया गया है। एनडीआरएफ को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

मौसम केंद्र के मुताबिक चक्रवाती तूफान पिछले 6 घंटों के दौरान 21 किलोमीटर प्रति घंटे की गति के साथ उत्तर-उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ा है। वर्तमान में यह उत्तर पश्चिम और उससे सटे मध्य बंगाल की खाड़ी के पास, सागर द्वीप से लगभग 380 किमी दक्षिण और बारीसाल (बांग्लादेश) से 520 किमी दक्षिण-दक्षिण पश्चिम में है।

अगले 12 घंटों के दौरान इसके उत्तर-उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ने और एक गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में और तेज होने की संभावना है। इसका बाद उत्तर-उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ना जारी रहेगा।

मौसम केंद्र के मुता‍बिक तूफान के 25 अक्टूबर की सुबह के आसपास तिनकोना द्वीप और बारिसल के करीब सैंडविप द्वीप के बीच बांग्लादेश तट को पार करने की बहुत संभावना है।

तट से टकराने पर इसकी गति 110 किलोमीटर प्रति घंटा के बीच होने की संभावना है। इसके कारण पश्चिम बंगाल और ओडिशा से कई इलाकों में इसकी वजह से भारी बारिश की संभावना है।

स्थिति को देखते हुए पश्चिम बंगाल के 7 और ओडिशा के 8 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया गया है। एनडीआरएफ को तैनात कर दिया गया है। उन्‍हें अलर्ट मोड पर रखा गया है।

इसका काफी कम असर झारखंड में देखने को मिलेगा। इसके कारण आज देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिम सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, बोकारो, रांची, खूंटी जिले में कहीं-कहीं तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसकी गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की संभावना है।