
पश्चिम बंगाल। चक्रवाती तूफान ‘सितरंग’ मंगलवार की सुबह दस्तक देगा। इसके कारण बंगाल के कुछ इलाकों में बदलाव दिखने लगा है। इस बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने लोगों से बेवजह बाहर नहीं निकलने की अपील की है।
चक्रवात से पहले उत्तर 24 परगना के हेनरी द्वीप के मौसम में बदलाव दिखने लगा है। सिविल डिफेंस की टीम पश्चिम बंगाल के सुंदरबन में लोगों को सतर्क कर रही है।
मौसम विभाग के अनुसार चक्रवात सुबह साढ़े 11 बजे पश्चिम बंगाल में सागर द्वीप से लगभग 300 किमी दक्षिण-पूर्व में था। चक्रवात 25 अक्तूबर को सुबह-सुबह ही एक गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील हो सकता है। चक्रवात मंगलवार सुबह बांग्लादेश में टिंकोना द्वीप और सैंडविप के बीच दस्तक दे सकता है।
चक्रवात सितरंग के प्रभाव के चलते 25 और 26 अक्तूबर को असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।
सीएम ममता बनर्जी ने कहा कि चक्रवात सितरंग को लेकर के मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। 25 अक्टूबर को बारिश-तूफान की संभावना अधिक है। लोगों से अपील है कि वे बेवजह बाहर निकलने से बचें। सुदंरवन सहित समुद्री इलाकों में जाने से बचें। राज्य सरकार की ओर से व्यवस्थाएं की गई हैं।