सीएम ने छठ महापर्व को लेकर राज्य के सभी घाटों को स्वच्छ और सुरक्षित रखने का दिया निर्देश

झारखंड
Spread the love

  • रांची के कांके डैम और हटनिया तालाब घाट पर साफ-सफाई, स्वच्छता, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण

रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने 28 अक्टूबर से शुरू हो रहे लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर राज्य के सभी घाटों को स्वच्छ और सुरक्षित रखने का निर्देश अधिकारियों को दिया है। मुख्यमंत्री ने 26 अक्‍टूबर राजधानी रांची में कांके डैम और हटनिया तालाब घाट पर साफ-सफाई, सुरक्षा और अन्य सुविधा एवं व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि सभी छठ घाटों पर छठ व्रतधारियों की सहूलियत का ध्यान रखते हुए सभी जरूरी व्यवस्थाओं को समय पर पुख्ता करें।

कांके डैम की व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जाएगा

मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने पर सरकार विशेष जोर दे रही है। इस लिहाज से राजधानी रांची में कांके डैम एक बेहतर पर्यटक स्थल है। हालांकि निरीक्षण के क्रम में यहां की व्यवस्था में कई खामियां और मूलभूत सुविधाओं का अभाव देखने को मिला। आपसी समन्वय नहीं होने से यहां का बेहतर रखरखाव नहीं हो रहा है। फूड कोर्ट का भवन जर्जर हो चुका है। यहां की तमाम व्यवस्थाओं को जल्द दुरुस्त किया जाएगा, ताकि पर्यटकों को आकर्षित किया जा सके।

निरीक्षण में डीसी सहित ये अधिकारी भी मौजूद

छठ घाटों के निरीक्षण के क्रम में मुख्यमंत्री के साथ रांची के उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा, वरीय पुलिस अधीक्षक किशोर कौशल, रांची नगर निगम के नगर आयुक्त शशि रंजन, उप विकास आयुक्त और सदर अनुमंडल पदाधिकारी समेत जिला प्रशासन के कई अधिकारी मौजूद थे।