सीएम हेमंत सोरेन ने रावण, कुम्भकर्ण और मेघनाद के पुतले का किया वध

झारखंड
Spread the love

रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन विजयदशमी के अवसर पर पंजाबी-हिंदू  बिरादरी दशहरा कमेटी की ओर से मोरहाबादी मैदान और श्री दुर्गा पूजा एवं रावण दहन समिति अरगोड़ा द्वारा अरगोड़ा मंडा मैदान में आयोजित रावण दहन कार्यक्रम में शामिल हुए। इस मौके पर उन्होंने और अन्य अतिथियों ने रावण, कुम्भकर्ण और मेघनाद के पुतले का वध कर असत्य पर सत्य और अन्याय पर न्याय के विजय का संदेश दिया।

2 वर्षों के बाद सार्वजनिक आयोजन

मुख्यमंत्री ने लोगों को विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दो वर्षों के बाद इस बार सार्वजनिक रूप से दशहरा का भव्य आयोजन हुआ है। पिछले 2 वर्ष कोविड-19 महामारी की वजह से दशहरा समेत तमाम पर्व त्योहार का आयोजन प्रभावित हुआ था।  लेकिन, जिस तरह सभी के सहयोग से कोरोना पर विजय प्राप्त किए, उसी के फलस्वरूप आज हम सभी  बुराई पर अच्छाई के विजय का पर्व पूरे उमंग और उल्लास के साथ दशहरा मना रहे हैं। मिलजुल कर इस त्योहार की खुशियां बांट रहे हैं।

सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ आतिशबाजी

मोरहाबादी मैदान में आयोजित रावण दहन कार्यक्रम में कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी गई है। शानदार आतिशबाजी का नजारा भी सभी ने देखा। इस अवसर पर रांची सांसद संजय सेठ, राज्यसभा सांसद श्रीमती महुआ माजी, विधायक सीपी सिंह, महापौर श्रीमती आशा लकड़ा, उप महापौर संजीव विजयवर्गीय और पंजाबी-हिंदू बिरादरी दशहरा कमेटी के अध्यक्ष राजेश खन्ना, उपाध्यक्ष कुणाल अजमानी, सचिव सुधीर उग्गल, आयोजन समिति के सदस्य आर आनंद, राजेश मेहरा और मुकुल तनेजा समेत अन्य पदधारी मौजूद थे।

कबूतर उड़ाकर शांति का दिया संदेश

अरगोड़ा मंडा मैदान में आयोजित रावण और लंका दहन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कबूतर उड़ाकर शांति का संदेश दिया। इस अवसर पर सांसद संजय सेठ, विधायक नवीन जायसवाल, महापौर श्रीमती आशा लकड़ा, उप महापौर संजीव विजयवर्गीय, पूर्व उप महापौर अजय नाथ शाहदेव के अलावा श्री दुर्गा पूजा एवं रावण दहन समिति, अरगोड़ा, रांची के अध्यक्ष पंकज साहू, जय प्रसाद साहू, कंचन कुमार साहू, संजय साहू, पंचू साहू, चंदन साहू, गुड्डू साहू और रवि साहू मौजूद थे।