मुंबई। बिहार की लुप्त होती लोक कला पर फिल्म ‘नाच बैजू नाच’ बनी है। फिल्म भोजपुरी भाषा में बनाई गई है। यह 23 सितंबर को रिलीज हो रही है। निर्माता-निर्देशक और लेखक लाल विजय शाहदेव ने इसका निर्माण किया है।
बिहार की लुप्त होती लोक कला ‘लौंडा नाच’ पर फिल्म ‘नाच बैजू नाच’ का निर्माण किया गया है। फिल्म में दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ ने मुख्य किरदार निभाया है। भोजपुरी भाषा में बनी इस फिल्म से फिल्म इंडस्ट्री को बहुत ज्यादा उम्मीदें हैं।
स्वयं लाल विजय शाहदेव ने कहा कि इससे दर्शक अपने परिवार के साथ फिर से भोजपुरी फिल्म से जुड़ेंगे। फिल्म में भोजपुरी लोक गीतों का भरपूर इस्तेमाल किया गया है। संगीत चंदन तिवारी और दीपक श्रेष्ठ ने दिया है।
हाल ही में फिल्म का ट्रेलर दिल्ली में रिलीज किया गया, जिसे दर्शक पसंद कर रहे हैं। इस अवसर पर भोजपुरी फिल्मों के दिग्गज कलाकार रवि किशन और मनोज तिवारी मौजूद थे।
इस फिल्म में खुशबू शर्मा, प्रगति चौरसिया, दधि पांडेय, नीतू पांडेय, रवि झॉकल, कियारा कंठेवाल, नीलम पांडेय, उल्हास कुदवा, फूल सिंह, विनोद आनंद, ललित कुमार ने भी अभिनय किया है।
लाल विजय शाहदेव ने बताया कि उनका लक्ष्य भारत के सभी मुख्य क्षेत्रीय भाषाओं पर फिल्म निर्माण करने का है। इस पर पिछले कई सालों से तैयारी शुरू हो चुकी है। उन्होंने सबसे पहले अपने प्रदेश झारखंड की नागपुरी भाषा पर ‘फूलमनिया’ नामक फिल्म बनाया। यह फिल्म झारखंड के ज्वलंत मुद्दे डायन प्रथा पर आधारित थी।
लाल विजय ने बताया कि उन्होंने अपनी अगली फिल्म की शूटिंग पूरी की है। यह अवधि/हिंदी में बन रही है। नदिया के पार के बाद दर्शक दूसरी बार इस भाषा में इस फिल्म को देख पाएंगे। इस फिल्म में खेसारी लाल यादव अहम किरदार में नजर आने वाले हैं।