70 साल बाद भारत पहुंचे 8 चीतों को पीएम मोदी ने कूनो नेशनल पार्क में यूं छोड़ा, देखें लाइव वीडियो

मध्य प्रदेश देश
Spread the love

मध्य प्रदेश। शनिवार आज का दिन इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गया। हो भी क्यूं न, भारत का 70 साल का इंतजार जो खत्म हुआ है। नामीबिया से आए 8 चीतों ने भारत की सरजमीं पर पहला कदम रखा।

कूनो नेशनल पार्क में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बॉक्स खोलकर तीन चीतों को क्वारंटीन बाड़े में छोड़ा। यहां प्रधानमंत्री के लिए 10 फीट ऊंचा प्लेटफॉर्मनुमा मंच बनाया गया था। इसी मंच के नीचे पिंजरे में चीते थे।

पीएम मोदी ने लीवर के जरिए बॉक्स को खोला। चीते बाहर आते ही अनजान जंगल में थोड़ा सा सहमे भी। इधर-उधर नजरें घुमाईं और चहलकदमी करने लगे। लंबे सफर की थकान साफ दिख रही थी।

चीतों के बाहर आते ही पीएम मोदी ने ताली बजाकर उन चीतों का स्वागत किया। मोदी ने कुछ फोटो भी क्लिक किए। 500 मीटर चलकर मोदी मंच पर पहुंचे थे। उनके साथ राज्यपाल मंगूभाई पटेल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी थे।

उन्होंने चीता मित्र दल के सदस्यों से भी बात की। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन भी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नामीबिया का आभार माना।

उन्होंने कहा- हमने उस समय को भी देखा, जब प्रकृति के दोहन को शक्ति प्रदर्शन का प्रतीक मान लिया गया था। 1947 में जब देश में केवल तीन चीते बचे थे, तो उनका भी शिकार कर लिया गया।

यहां बता दें कि शनिवार सुबह 7.55 बजे नामीबिया से स्पेशल चार्टर्ड कारगो फ्लाइट 8 चीतों को भारत लेकर आई। 24 लोगों की टीम के साथ चीते ग्वालियर एयरबेस पर उतरे। यहां उनका रुटीन चेकअप हुआ। चीतों के साथ नामीबिया के वेटरनरी डॉक्टर एना बस्टो भी आए हैं।

नामीबिया से चीतों को खास तरह के पिंजरों में लाया गया। लकड़ी के बने इन पिंजरों में हवा के लिए कई गोलाकार छेद किए गए हैं। ग्वालियर एयरबेस से चिनूक हेलिकॉप्टर के जरिए चीतों को कूनो नेशनल पार्क लाया गया।