2024 में नीतीश कुमार के साथ होबे खेला, जानें पूरा मामला

नई दिल्ली देश
Spread the love

नई दिल्ली। 2024 में नीतीश कुमार के साथ खेला होबे। ऐसा राजनीतिक जानकारों का मानना है। इससे पहले भी बीजेपी के खिलाफ एकजुट होने की कोशिश की गयी थी।

अभी से ही टीएमसी ने साफ कर दिया है कि उनकी पार्टी 2024 के लोकसभा चुनावों में अकेले उतरेगी। हालांकि विपक्षी दलों को मिली सीटों की संख्या के आधार पर चुनाव के बाद गठबंधन पर विचार कर सकती है।

इधर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कल जदयू के प्रदेश और राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित करने के लिए पटना स्थित पार्टी मुख्यालय पहुंचे थे। वहां उनके समर्थकों ने ‘देश का प्रधानमंत्री कैसा हो, नीतीश कुमार जैसा हो’ के नारे लगाए।

इतना ही नहीं उनकी पार्टी ने अपने दफ्तर और पटना की सड़कों पर बड़े- बड़े होर्डिंग्स लगवाए हैं, जिसके जरिए उनकी राष्ट्रीय महत्वाकांक्षा को जनता तक ले जाने की कोशिश की जा रही है। इन बैनरों पर लिखा है- बिहार में दिखा, भारत में दिखेगा।

यहां बता दें कि जेडीयू की राष्ट्रीय कार्यकारिणी ने मुख्यमंत्री को विपक्षी दलों को एकजुट करने के लिए अधिकृत कर दिया। इस मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश ने कहा कि भाजपा देश के माहौल को खराब कर रही है। भाजपा के लोग प्रदेश में सांप्रदायिक एवं सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने का कार्य करेंगे, हम सभी को पंचायत स्तर तक पूरी सावधानी बरतनी है।

बैठक में पार्टी पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री से कहा कि वे प्रधानमंत्री के सबसे योग्य उम्मीदवार हैं। देश आपका इंतजार कर रहा है। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मेरे लिये पद महत्वपूर्ण नहीं है। न ही मेरी ऐसी कोई इच्छा है। मैं देशभर के विपक्षी दलों को एकजुट करने में लगा हूं। सबसे महत्वपूर्ण यही है। नेता का चयन सभी पार्टियां मिलकर ही करेंगी।

नीतीश कुमार ने पार्टी पदाधिकारियों का आह्वान किया कि वे 2024 के चुनाव की तैयारी में जुट जायें। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव 2020 में भाजपा के षड्यंत्र से हमारी सीटें कम हो गईं। मैं स्वयं मुख्यमंत्री नहीं बनना चाहता था, पर भाजपा के आग्रह पर तैयार हो गया। इसका कारण था कि शुरू से ही बिहार का विकास मेरी प्राथमिकता रही है।

कुल मिलाकर इस बार भी महत्वाकांक्षा एकजुटता की राह में सबसे बड़ा रोड़ा बनेगा। बाजी कोई और मार ले जाएगा।