- पिरामल फाउंडेशन के सहयोग से जिला में चलाया जायेगा अभियान
रांची। आकांक्षी जिला रांची में शिक्षा के संकेतक को मजबूत करने को लेकर बुनियादी शिक्षा अभियान का 30 सितंबर, 2022 को शुभारंभ किया गया। रांची के उप विकास आयुक्त विशाल सागर ने डीडीसी सभागार में आयोजित कार्यक्रम में इसका शुभारंभ किया। इस दौरान जिला योजना पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
झारखंड एजुकेशन प्रोजेक्ट रांची के सहयोग से पिरामल फाउंडेशन द्वारा चलाये जानेवाले इस अभियान के अंतर्गत रांची जिला के 18 प्रखंडों में 350 विद्यालयों का चयन किया गया है। चयनित विद्यालयों में 100 दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा।
इस क्रम में बुनियादी शिक्षा, बाल संसद, पुस्तकालय, विद्यालय प्रबंधन समिति के महत्व एवं भूमिका पर कार्य किया जाना है। अभियान के तहत जिला के 45 हजार बच्चों को लाभ पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
कार्यक्रम का संचालन पिरामल फाउंडेशन के प्रोगाम प्रबंधक राजू कुमार एवं मोहम्मद अफसर द्वारा किया गया। साथ में गांधी फेलो कृति, निधि, निखिल और समीर मौजूद रहे।