स्‍कूल खुलने से पहले उपस्थिति पंजी पर बनी हुई थी हाजिरी, गायब थे शिक्षक

झारखंड मुख्य समाचार शिक्षा
Spread the love

  • विद्यार्थियों की शिकायत पर अभिभावकों के साथ विद्यालय पहुंचे सामाजिक कार्यकर्ता

विवेक चौबे

गढ़वा। स्‍कूल खुलने से पहले उपस्थिति पंजी पर हाजिरी बनी हुई थी। शिक्षक स्‍कूल से गायब थे। विद्यार्थियों की शिकायत पर कुछ अभिभावकों के साथ विद्यालय पहुंचे सामाजिक कार्यकर्ता की जांच में इसका खुलासा हुआ। यह मामला झारखंड के गढ़वा जिले के कांडी प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत उत्क्रमित उच्च विद्यालय, डुमरसोता का है।

उक्त विद्यालय के छात्र-छात्राओं की शिकायत पर दृष्टि यूथ ऑर्गेनाइजेश के प्रधान सचिव सह स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता शशांक शेखर कुछ अभिभावकों के साथ शनिवार की सुबह 8.55 बजे विद्यालय पहुंचे। सुबह 9 बजे विद्यालय खुला। स्‍कूल आए शिक्षक अपनी हाजिरी बनाने लगे। इस दौरान अभिभावकों ने देखा कि पहले से ही उपस्थिति पंजी में शिक्षक आनंद प्रकाश यादव की हाजिरी शनिवार की भी दर्ज है। इसके बाद शशांक ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया के माध्यम से सूबे के मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री, उपायुक्त आदि को टैगकर शिक्षक आनंद प्रकाश की शिकायत की।

शशांक ने बताया कि स्‍कूल के शिक्षक आनंद प्रकाश यादव बिहार के रहने वाले हैं। वह झारखंड के विद्यालय में पदस्थापित हैं। वह उपस्थिति पंजी में अतिरिक्त हाजिरी बनाकर विद्यालय से फरार रहते हैं। जब से वह उक्त विद्यालय में पदस्थापित हुए हैं, तब से लगातार इस प्रकार का कार्य कर रहे हैं। जब शिक्षक आनंद प्रकाश यादव की मनमानी से उक्त विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थी तंग आ गए तब इसकी शिकायत दृष्टि यूथ ऑर्गनाइजेशन को दी।

विद्यार्थियों ने बताया कि आनंद प्रकाश कक्षा 10वीं वर्ग के शिक्षक हैं। उनके वर्ग के दीपक कुमार, ज्योति कुमारी, कविता कुमारी, उमेश कुमार ठाकुर सहित कई छात्र-छात्राओं ने बताया कि वर्ग शिक्षक आनंद प्रकाश स्‍कूल से लगातार गायब रहते हैं। मजेदार यह है कि विद्यालय के प्रधानाध्यापक भी कभी शिक्षक के इस रवैये की जानकारी पदाधिकारियों को नहीं दी।

अमित मेहता, अरविंद कुमार, सुनील मेहता, शिवपूजन विश्वकर्मा सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि विद्यालय आने वाले सभी शिक्षकों को पहचानते हैं, किन्तु आनंद प्रकाश यादव को वे नहीं पहचानते हैं।

शिक्षक आनंद प्रकाश यादव को विद्यालय से लगातार गायब रहने के बाद भी बायोमेट्रिक से हाजिरी बन जाना बड़ा सवाल खड़ा करता है।

विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष बलराम पासवान ने कहा कि पहले भी कई बार उक्त शिक्षक को नियमित विद्यालय आने की बात कही गई है। इसके बावजूद भी उनकी उपस्थिति में सुधार नहीं हुआ।

प्रभारी प्रधानाध्यापक जयराम ने उक्त शिक्षक द्वारा अतिरिक्त उपस्थिति दर्ज करने की पुष्टि की। उन्होंने यह भी कहा कि वे विद्यालय से हमेशा गायब नहीं रहते हैं। बच्चों द्वारा झूठ बोला जा रहा है।