सीमांचल की रैली के साथ अमित शाह ने बिहार में किया 2024 का शंखनाद, नीतीश को लेकर कही ये बड़ी बात

बिहार देश
Spread the love

पूर्णिया। बिहार में महागठबंधन की सरकार बनने के बाद पहली बार बिहार के दो दिनी दौरे पर शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पूर्णिया पहुंचे। पूर्णिया के चूनापुर एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत किया गया।

अमित शाह ने करीब 31 मिनट तक जन भावना रैली को संबोधित किया। यूं कहें तो बिहार में 2024 का शंखनाद कर दिया। इस दौरान उन्होंने बिहार सरकार पर जमकर हमला बोला।

उन्होंने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने छुरा घोंपने का काम किया है। प्रधानमंत्री बनने के लिए वे कांग्रेस और आरजेडी की गोद में जाकर बैठ गए हैं। नीतीश कुमार ने जॉर्ज फर्नाडिस के साथ भी धोखा किया था। जबकि जीतन राम मांझी फिर भाजपा को धोखा देकर लालू के पास चले गए।

नीतीश कुमार ने धोखा भाजपा के साथ नहीं किया, बल्कि बिहार की जनता के साथ किया है। बिहार की जनता 2024 के विधानसभा चुनाव में लालू और नीतीश की जोड़ी की सूपड़ा साफ कर देगी। नीतीश कुमार कभी भी किसी का साथ छोड़ देते हैं।

अपने संबोधन के दौरान अमित शाह ने कहा कि विधानसभा चुनाव में भाजपा बिहार में पूर्ण बहुमत के साथ अपनी सरकार बनाएगी। उन्होंने जनसभा में मौजूद लोगों से सवाल किया कि आपको जंगल राज चाहिए, फिर से अपहरण वाला राज्य चाहिए, हिंसा वाली सरकार चाहिए। अगर लालू यादव सरकार में हैं, तो कैसे कोई बचेगा।

जिस दिन से बिहार में महागंठबंधन की सरकार बनी, उसी दिन से बिहार में जंगलराज शुरू हो गया। नीतीश कुमार कहते हैं कि षड़यंत्र हो रहा है, लेकिन वे कहते हैं कि षड़यंत्र करने वाले सरकार में बैठे हैं। चारा घोटाला करने वाले को मंत्री बनाकर बैठे हैं।

अमित शाह ने जनसभा के दौरान नारों में धीमी आवाज आने पर कहा कि लालू यादव के पेट में दर्द समझ में आता है। आप लोगों को क्या हुआ है। मैं सीमांचल जिले में आया हूं, तो नीतीश कुमार और लालू यादव के पेट में दर्द होने लगा। वहीं, मंच पर पहुंचे अमित शाह का कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। शंखनाद के साथ उनका स्वागत हुआ। माला पहनाया गया। यहां जनसभा को संबोधित करने के बाद अमित शाह किशनगंज के लिए रवाना होंगे। जहां कोर कमेटी के साथ बैठक होगी।

संबोधन के दौरान अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2015 में कहा था कि 1.25 लाख करोड़ रुपए बिहार के विकास के लिए खर्च किया जाएगा। नीतीश बाबू मैं इसका हिसाब लेकर आया हूं। महामार्ग निर्माण के लिए 14 हजार करोड़, ग्रामीण सड़क के लिए 22 हजार करोड़, रेलवे के लिए 56 हजार करोड़, एयरपोर्ट के लिए 1289 करोड़, पर्यटन के लिए 1600 करोड़, पेट्रोलियम गैस के लिए 32 हजार करोड़ रुपए खर्च हुए।

इसके साथ ही अमित शाह ने कई योजनाओं के बारे में भी बताते हुए कहा कि वादे से कई गुना ज्यादा राशि केंद्र की ओर से खर्च की गई है। इसके अलावा अमित शाह ने कहा कि सीबीआई को बैन कराने का प्रयास नीतीश कुमार कर रहे हैं। वे भूल गए हैं कि उन्होंने ही सीबीआई को आवेदन देकर कहा था कि बिहार में जंगलराज कायम करने का काम हो रहा है। नीतीश-लालू की जोड़ी एक्सपोज हो चुकी है। दोनों बिहार को आगे नहीं ले जा सकते।