पंचायत सचिवालय में होनी थी कृषक गोष्‍ठी, किसान पहुंचे तो गेट में लगा था ताला

झारखंड
Spread the love

विवेक चौबे

गढ़वा। जिले के कांडी प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत शिवपुर पंचायत के पंचायत सचिवालय में कृषक गोष्‍ठी होनी थी। किसान सुबह पहुंच गये। वहां सचिवालय के गेट पर ताला लटक रहा था। कोई पदाधि‍कारी मौके पर नहीं पहुंचे थे। गेट में ताला बंद रहने पर पंचायतवासियों ने आक्रोश जताया।

युवा समाजसेवी सह युवा संघर्ष प्रमुख अनूप कुमार उपाध्याय ने कहा कि गुरुवार को किसान गोष्ठी होनी थी। इसमें जन प्रतिनिधि, कृषि पदाधिकारी, किसान मित्र व किसानों को बुलाया गया था। घंटों तक किसान और ग्रामीण खड़ा होकर प्रतीक्षा करते रहे। एक बजे तक कोई भी जन प्रतिनिधि, किसान मित्र और कृषि पदाधिकारी नहीं पहुंचे थे।

अनूप कुमार उपाध्याय ने कहा कि 4 माह पूर्व प्रखंड विकास पदाधिकारी को आवेदन देकर पंचायत सचिवालय नियमित खोलने की मांग की गई थी। हालांकि कोई कार्रवाई नहीं हुई। उक्त पंचायत में जांच के लिए प्रखंड विकास पदाधिकारी को 5 बार आवेदन दिया गया, किन्तु कोई कुछ नहीं हुआ।

आक्रोशित हो ही रहे थे कि‍ मुखिया सोनी देवी, मुखिया प्रतिनिधि अरुण राम, पंचायत समिति सदस्य, पंचायत सचिव पहुंच गये। मुखिया प्रतिनिधि अरुण राम ने कहा कि जब-जब कोई कार्यक्रम का आयोजन हुआ है, तब-तब समय से पंचायत सचिवालय खुला है।

उन्होंने कहा कि मालती कुवंर सुबह 10 बजे सफाई कर घर चली गई थी। उसे आने में देर हो गई। हमारे साथ कोई समस्या है, मैं और मुखिया देर से उपस्थित हो सके हैं। वह 11 बजे ही पहुंच गये थे। आवश्यक कार्य को लेकर घर पर चले गये थे।