पटना गायघाट रिमांड होम की अधीक्षिका वंदना गुप्ता को पुलिस ने किया गिरफ्तार

बिहार देश
Spread the love

पटना। बड़ी खबर बिहार से आयी है। आखिरकार लड़कियों की गुनाहगार गायघाट महिला रिमांड होम की अधीक्षिका वंदना गुप्ता को पटना पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया।

इनके खिलाफ पांच माह पहले महिला थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी थी। इन्हें शनिवार को पूछताछ के लिए महिला थाना में बुलाया गया और फिर गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद उन्हें कोर्ट में उपस्थित कराया गया और न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

प्राथमिकी दर्ज होने के बाद वंदना गुप्ता ने अग्रिम जमानत के लिए भी कोर्ट में आवेदन दिया था, लेकिन उसे खारिज कर दिया गया था। गायघाट महिला रिमांड होम में रहने वाली एक युवती के बयान के आधार पर नौ फरवरी को महिला थाने में अधीक्षिका वंदना गुप्ता और अज्ञात के खिलाफ में प्राथमिकी दर्ज की गयी थी।

दर्ज प्राथमिकी संख्या 13/2022 में आइपीसी की धारा 354 ए व 450 लगायी गयी थी। इसके बाद फिर एक और लड़की के बयान पर प्राथमिकी संख्या 17/2022 दर्ज की गयी थी। दोनों ही मामलों में युवतियों ने वंदना गुप्ता पर बाहर से रिमांड होम में लड़कों को बुलवाने और यौन शोषण करवाने का आरोप लगाया था।

बता दें कि इस मामले की जांच के लिए सचिवालय एएसपी काम्या मिश्रा के नेतृत्व में एसआइटी का गठन किया गया था। करीब छह माह के अनुसंधान के बाद वंदना गुप्ता के खिलाफ कई अहम साक्ष्य एसआइटी को हाथ लगे और फिर गिरफ्तारी कर ली गयी।