पटना। दुखद और बड़ी खबर पटना के मनेर से आ रही है, जहां रामपुर पतीला घाट के समीप नाव पर हुए सिलेंडर ब्लास्ट में खाना बन रहे चार मजदूरों की झुलस कर मौत हो गई, जबकि इस घटना में दर्जनों लोग घायल हो गए हैं।
मृतकों में रंजन पासवान, दशरथ पासवान, कन्हाई बिंद के अतिरिक्त नाव का मालिक ओम प्रकाश राय है। हालांकि, गैर आधिकारिक तौर पर 5 लोगों की मौत की बात कही जा रही है।
मृतकों में रंजन पासवान, दशरथ पासवान और ओम प्रकाश राय हल्दी छपर मनेर के रहने वाले हैं। मौत की सूचना के बाद स्थानीय मनेर थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और प्रशासन द्वारा मामले की तफ्तीश की जा रही है।
बताया जाता है कि अवैध बालू ले कर जा रही नाव पर लगभग 20 मजदूर सवार थे, जिसमें 4 मजदूर झोपड़ी में खाना बना रहे थे। उसी दौरान गैस रिसाव हुई और उसमें आग लग गई।
उसी झोपड़ी में नाव की मशीन के लिए डीजल भी रखा हुआ था, उसमें भी आग लग गई। बताया जाता है कि आग लगने की वजह से सिलेंडर ब्लास्ट कर गया और नाव के किनारे में फंसकर चार लोग जीवित ही जल गए, जिससे सभी की मौत हो गई। गैस सिलेंडर के ब्लास्ट होने की वजह से और अन्य दर्जनों मजदूर भी घायल हो गए।
जख्मी मजदूरों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है, लेकिन वो कहां गए हैं यह पता नहीं चला है। बताया जाता है कि ये सभी मजदूर सोन नदी से अवैध बालू को लेकर सोनपुर सारण की तरफ जा रहे थे, तभी ये हादसा हुआ।
ग्रामीण संजय कुमार सिंह के मुताबिक इस हादसे में पांच लोगों की मौत की पुष्टि की जा रही है। हालांकि पुलिस ने चार लोगों की मौत की पुष्टि की है।