राज्‍यपाल से गढ़वा को अकाल क्षेत्र घोषित करने की मांग, सौंपा ज्ञापन

झारखंड
Spread the love

विवेक चौबे

गढ़वा। भाजपा ने राज्‍यपाल से गढ़वा जिले को अकाल क्षेत्र घोषित करने की मांग की है। इस संबंध में राज्‍यपाल के नाम पार्टी कार्यकर्ताओं ने कांडी प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज कुमार तिवारी को बुधवार को मांगपत्र सौंपा।

इस संबंध में भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष रामलला दुबे ने बताया कि मॉनसून आए करीब 2 माह बीत गए, किन्तु अच्छी बारिश नहीं हुई है। इसके कारण किसान हताश और निराश हैं। उन्होंने कहा कि यदि कोई किसान अपने कलेजे पर पत्थर रखकर डीजल पंप से धान को रोपते भी है तो खेत यूं ही सूखे पड़े हैं। कई किसानों के बिचड़े पूर्ण रूप से बर्बाद हो चुके हैं। इसलिए गरीब किसानों के प्रति राहत कार्य चलाए जाएं। जिले को अकाल क्षेत्र घोषित किया जाएं।

दुबे ने कहा कि भदईं फसल पूरी तरह चौपट हो गई है। पशुओं को भी चारा की किल्लत हो गई है। जिले के सभी प्रखंड क्षेत्र में घरों तक बिजली का कनेक्शन तो हो गया है, किंतु किसानों की खेतों तक कनेक्शन दिया जाए। सभी किसानों को डीप बोर की व्यवस्था भी उपलब्ध कराई जाए। किसानों के प्रति बिजली बिल माफ किया जाए। किसानों के बीच खाद, बीज व कीटनाशक दवा का वितरण करने की मांग की है।

मांग पत्र सौंपने वालों में विधायक प्रतिनिधि अजय सिंह, मंडल महामंत्री शशिरंजन दुबे, हरिहरपुर विधायक प्रतिनिधि संतोष कुमार सिंह, रविन्द्र चन्द्रवंशी, अनूप कुमार राम, विनोद प्रसाद सहित दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता व किसान शामिल थे।