आनंद कुमार सोनी
लोहरदगा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की नगर इकाई ने मंजूर मति हाई स्कूल महादेव आश्रम में 74वां स्थापना दिवस 9 जुलाई को मनाया। मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला संचालक मनोज दास थे।
जिला संचालक ने युवाओं के प्रेरणास्त्रोत स्वामी विवेकानंद के बारे में मार्गदर्शन किया। उनके बताए मार्ग पर समाज में चलने के लिए प्रेरित किया। वरिष्ठ अतिथि मंजूर मति हाई स्कूल के सचिव मदन मोहन पांडे ने वर्तमान समय में शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका को बताया। सभी को शिक्षित होकर राष्ट्र के लिए कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उपस्थित अभाविप की केंद्रीय कार्यसमिति सदस्य सुश्री विनीता इंदवार ने कहा कि विद्यार्थी परिषद विश्व का सबसे बड़ा छात्र संगठन है। यह नि:स्वार्थ भाव से सभी क्षेत्रों में कार्य करता है। संगठन के सभी कार्यकर्ता राष्ट्रवाद की भावना से इसमें जुड़कर समाज, शैक्षणिक संस्थानों और सभी नगर इकाई में ‘जहां कम वहां हम’ की सोच लेकर कार्य करते हैं। स्कूल की प्रधानाध्यापिका श्रीमती मनोज्ञा पांडे ने भी सभी उपस्थित छात्र-छात्राओं को जागरूक होकर संगठन में जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में अभाविप की जिला प्रमुख श्रीमती छवि सिंह, गुमला विभाग संयोजक अंकित कुमार, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य मनीषा साहू, नगर मंत्री आदित्य साहू, दिव्या कुमारी, सुमी राज गुप्ता, संतोष कुमार साहू, संतोषी साहू, अमीषा उरांव सहित अन्य ने हिस्सा लिया।