नई दिल्ली। गांधी परिवार की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। राहुल गांधी के बाद नेशनल हेराल्ड केस में कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी की आज प्रवर्तन निदेशालय में दूसरी बार पेशी होनी है। सोनिया गांधी से पूछताछ से एक दिन पहले सोमवार को कांग्रेस नेताओं ने बैठक कर आगे की रणनीति तैयार की।
उधर, दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस को राजघाट पर विरोध प्रदर्शन करने की अनुमति देने से इंकार कर दिया। यहां धारा 144 लागू कर दी गई है। इसके साथ ही कांग्रेस दफ्तर के पास भारी पुलिसबल तैनात किया गया है।
कांग्रेस नेताओं ने सोनिया गांधी के खिलाफ ईडी की कार्रवाई को लेकर मंगलवार को फिर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने का फैसला किया। हालांकि, कांग्रेस की राजघाट पर सत्याग्रह करने की अपील को दिल्ली पुलिस ने ठुकरा दिया। इसके साथ ही यहां धारा 144 लागू कर दी गई है।
सोनिया गांधी पर ईडी की कार्रवाई के खिलाफ कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने ट्रैफिक अलर्ट जारी किया है। पुलिस ने सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक लोगों से मोतीलाल नेहरू मार्ग, अकबर रोड, जनपथ, मान सिंह रोड, गोल मेथी जंक्शन, तुगलक रोड जंक्शन, क्लेरिजेस जंक्शन, क्यू-पॉइंट जंक्शन, सुनहरी मस्जिद जंक्शन, मौलाना आजाद रोड जंक्शन पर यात्रा करने से बचने की सलाह दी है। दिल्ली पुलिस की ओर से ट्रैफिक के लिए स्पेशल अरेंजमेंट किए गए हैं।
यहां बता दें कि इससे पहले गुरुवार को ईडी ने सोनिया गांधी से पूछताछ की थी। इस कार्रवाई के खिलाफ कांग्रेस ने देशभर में ईडी दफ्तरों के सामने विरोध प्रदर्शन किया था। इसके विरोध में कई सांसदों और नेताओं को हिरासत में भी लिया गया था।
सोनिया गांधी को कुछ घंटों की पूछताछ के बाद ईडी ने जाने दिया था। हालांकि, उनकी तबीयत को देखते हुए ईडी ने उनके साथ एक व्यक्ति को दफ्तर में रहने की अनुमति भी दी थी।