झारखंड में और तीन दिन भारी बारिश के संकेत, इन जिलों में असर

झारखंड मौसम
Spread the love

  • राज्‍य में कई इलाकों में गर्जन के साथ वज्रपात की भी आशंका

रांची। झारखंड में और तीन दिन भारी बारिश होने की संभावना है। इसका प्रभाव कई जिलों में पड़ेगा। राज्‍य में अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज किये जाने की उम्‍मीद है। आने वाले छह दिनों में राज्‍य में बारिश होती रहेगी। यह जानकारी रांची मौसम केंद्र ने 29 जुलाई को जारी बुलेटिन में दी है।

मौसम केंद्र के मुताबिक 30 जुलाई को राज्‍य में कई स्‍थानों पर हल्‍की से मध्‍यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। इस दिन राज्‍य में कहीं-कहीं गर्जन और वज्रपात होने की आशंका भी है।

31 से 4 अगस्‍त जुलाई को राज्‍य के लगभग सभी स्‍थानों पर हल्‍की से मध्‍यम दर्जे की बारिश होने की प्रबल संभावना है। 31 जुलाई, 1 और 2 अगस्‍त को राज्‍य में कई जगहों पर वज्रपात होने की आशंका है।

मौसम केंद्र के मुताबिक 31 जुलाई को देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, पलामू, गढ़वा, चतरा जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है।

इसी तरह 1 और 2 अगस्‍त को देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है।