‘झारखंड के पोस्टकार्ड’ का हुआ प्रीमियर, यहां देख सकेंगे

झारखंड
Spread the love

  • राज्य की जीवंत संस्कृति और सुंदर परिदृश्य को किया पेश

रांची। झारखंड की समृद्ध विरासत को राज्य सरकार पर्यटन के क्षेत्र में विश्वपटल पर लाने के प्रति संजीदा है। राज्य की प्राकृतिक संपदा, परंपरा और संस्कृति की अविस्मरणीय झांकी को प्रस्तुत करने के लिए नेशनल ज्योग्राफिक इंडिया ‘पोस्टकार्ड ऑफ झारखंड’ नामक फिल्म के माध्यम से देश दुनिया के लोगों को झारखंड की मंत्रमुग्ध कर देने वाली यात्रा पर ले गया। इसकी सूत्रधार बनी जमशेदपुर से संबंध रखने वाली फिल्म अभिनेत्री रसिका दुग्गल। मुख्यमंत्री द्वारा नई दिल्ली में शनिवार को झारखंड पर्यटन नीति 2021 के शुभारंभ के साथ ‘पोस्टकार्ड ऑफ झारखंड’ का प्रीमियर नेशनल ज्योग्राफिक चैनल इंडिया पर हुआ। झारखंड पर्यटन नीति 2021 के लॉन्च इवेंट में आधिकारिक तौर पर कुछ माह पूर्व राज्य सरकार और नेशनल ज्योग्राफिक इंडिया के बीच संपन्न एमओयू (MoU) के तहत जारी किया गया।

क्या है पोस्टकार्ड ऑफ झारखंड

इस श्रृंखला के माध्यम से नेशनल ज्योग्राफिक इंडिया मैकलुस्कीगंज, नकटा पहाड़, नेतरहाट, दलमा पहाड़ियों की आकर्षक श्रृंखला, लोध फॉल, हुंडरू फॉल, बेतला नेशनल पार्क से लेकर देवरी मंदिर, सूर्य मंदिर और बैद्यनाथ धाम जैसे मंदिरों की अद्भुत झांकी दिखाएगा। लुभावनी सिनेमैटोग्राफी में मनोरम, हरे-भरे जंगल, शानदार वन्य जीवन, हिल स्टेशन और दिल को छू लेने वाले रोमांच के साथ राज्य भर में मौजूद विभिन्न स्थलों की खोज करते हुए अपनी आध्यात्मिक और मनमोहक यात्रा साझा की जायेगी।

समृद्ध आदिवासी परंपरा का प्रदर्शन

फिल्म अभिनेत्री रसिका दर्शकों को झारखंड के आदिवासी नृत्य, सोहराई पेंटिंग, स्थानीय व्यंजनों और राज्य के स्थापत्य कला के साथ समृद्ध आदिवासी परंपराओं से परिचित कराएंगी। प्रागैतिहासिक पाषाण कला से लेकर शानदार मंदिरों और प्राचीन स्मारकों पर फिल्म के जरिए प्रकाश डाला जायेगा। मालूम हो कि इस वृत्तचित्र श्रृंखला की सूत्रधार रसिका दुग्गल का जन्म जमशेदपुर में हुआ। वह वहीं पली बढ़ी हैं। रसिका कहती हैं, झारखंड एक ऐसी जगह है, जो हमेशा मेरे दिल के करीब रहा है। नेशनल ज्योग्राफिक और झारखण्ड टूरिज्म ने मुझे अपने गृह राज्य के साथ फिर से जुड़ने का मौका दिया है।

सौंदर्य की अमूल्य संपदा

मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड के पास समृद्ध परंपरा, संस्कृति और प्रकृति के अनुपम सौंदर्य की अमूल्य संपदा है। यहां प्राचीन मानव सभ्यता के प्रमाण भी मौजूद हैं। मुझे खुशी है कि राज्य सरकार के सहयोग से नेशनल ज्योग्राफिक इंडिया ने झारखंड की कहानी को अपने लेंस के माध्यम से लिखा है। जमशेदपुर से ताल्लुक रखने वाली अभिनेत्री रसिका दुग्गल झारखण्ड को अनूठे ढंग से पेश कर रही हैं। राज्य सरकार सभी प्रकृति प्रेमियों और अथितियों का झारखंड में स्वागत करती है।

प्रीमियर को देखने के लिए विजिट करें

फेसबुक : National Geographic India

इंस्टाग्राम : @NatGeoIndia

ट्विटर : @NatGeoIndia

यूट्यूब : https://youtu.be/dYA5JnAfLLI