झारखंड के गुमला में पांच गर्भवती महिलाएं निकलीं एचआईवी पॉजिटिव, जांच में इनके पतियों की आयी ये रिपोर्ट

झारखंड
Spread the love

गुमला। झारखंड के गुमला से डराने वाली खबर आयी है। वहां एक महीने में पांच महिलाएं एचआईवी पॉजिटिव मिली हैं। सबसे बड़ी बात कि पांचों महिलाएं गर्भवती हैं।

इसमें तीन महिला का गुमला सदर अस्पताल में प्रसव हुआ। प्रसव के बाद प्राथमिक स्वास्थ्य जांच में तीनों बच्चे स्वस्थ हैं। अभी दो महिलाओं का प्रसव होना बाकी है। ये सभी महिलाएं अच्छे परिवार से हैं।

किसी का पति आर्मी में है, तो किसी का पति नौकरी में है। पति नौकरी के सिलसिले में दूसरे राज्य में रहते हैं। पतियों की भी एचआईवी जांच हुई है, लेकिन पांचों पति एचआईवी निगेटिव मिले हैं। गुमला जिले में 226 लोग एचआईवी पॉजिटिव हैं। इसमें कई बच्चे भी हैं।

एचआईवी परामर्श केंद्र के परामर्शदातृ युगांत दूबे ने बताया कि पांच गर्भवती महिलाओं की एचआईवी जांच गुमला में की गयी थी। इसमें पांचों महिला एचआईवी पॉजिटिव मिली हैं। गर्भवती महिलाओं के एचआइवी पॉजिटिव मिलने के बाद एहतियात के तौर पर उनके पतियों की भी एचआईवी जांच की गयी, लेकिन जो महिलाएं एचआईवी पॉजिटिव मिली हैं। उनके पति एचआईवी निगेटिव जांच में मिले हैं। तीन महिलाओं का प्रसव हुआ। बच्चे स्वस्थ हैं और पति अपनी पत्नी व बच्चे को अपनाते हुए अपने घर ले गये।

गुमला के एक दंपती की एचआईवी जांच की गयी है। इसमें दंपती एचआईवी पॉजिटिव मिले हैं। ये दोनों बाहर रहते थे, परंतु गुमला आने के बाद एचआईवी जांच करायी गयी, जिसमें दोनों एचआईवी पॉजिटिव मिले हैं।

दंपती को एआरटी केंद्र गुमला से नियमित दवा दी जा रही है। साथ ही एचआईवी परामर्श केंद्र द्वारा दंपती को लंबा जीवन जीने के लिए रहन-सहन व खान पान सहित सुरक्षा के संबंध में जानकारी दी गयी।

दो दिन पहले हुई जांच में गुमला में एक व्यक्ति एचआईवी पॉजिटिव मिला है, परंतु उसकी पत्नी दिल्ली में रहती है और वहां काम करती है। एड्स कंट्रोल गुमला द्वारा दिल्ली में काम करने वाली महिला को भी गुमला बुलाकर एचआईवी की जांच कराने की सलाह दी गयी है।