आजाद भारत में जन्‍मी पहली शख्सियत द्रौपदी मुर्मू आज लेंगी राष्‍ट्रपति की शपथ

नई दिल्ली देश मुख्य समाचार
Spread the love

नई दिल्‍ली। नवनिर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज सुबह 10.30 बजे संसद के सेंट्रल हॉल में शपथ लेंगी। वह भारत की 15वीं राष्ट्रपति होगी। आदिवासी समुदाय से आने वाली वह पहली महामहिम होंगी। सर्वोच्च पद पर पहुंचने वाली वह आजाद भारत में जन्मीं पहली शख्सियत होंगी।

सुप्रीम कोर्ट के मुख्‍य न्‍यायाधीश चीफ जस्टिस एनवी रमण द्रौपदी मुर्मू को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। इसके बाद उन्हें 21 तोपों की सलामी दी जाएगी। राष्ट्रपति केंद्रीय हॉल में मौजूद लोगों को संबोधित भी करेंगी। समारोह से पहले निवर्तमान और नवनिर्वाचित राष्ट्रपति संसद पहुंचेंगे।

समारोह में उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के चेयरमैन एम वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, मंत्री, राज्यपाल, मुख्यमंत्री और विभिन्न देशों के राजदूत, संसद सदस्य और प्रमुख सैन्य व असैन्य अधिकारी भी शिरकत करेंगे।

उधर, पंजाब के अमृतसर के एक कलाकार ने नवनिर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को उनके शपथ ग्रहण समारोह से पहले बधाई देने के लिए 7 फीट लंबी पेंटिंग बनाई है।