Big News : झारखंड की राजधानी रांची में पिकअप वैन ने महिला दारोगा को कुचला, मौत

झारखंड मुख्य समाचार
Spread the love

रांची। हरियाणा के बाद अब झारखंड की राजधानी रांची में एक पुलिस अधिकारी को पिकअप वैन ने कुचल दिया। इससे उसकी मौत हो गई। वाहन चेकिंग के दौरान इस घटना को अंजाम दिया गया। भाग रहे वाहन चालक को पकड़ लिया गया। उसमें बैठे कुछ लोग भागने में कामयाब रहे।

जानकारी के मुताबिक महिला दारोगा का नाम संध्‍या टोपनो है। वह 2018 बैच की थी। रांची जिले के तुपुदाना थाना में पदस्‍थापित थी। घटना थाना क्षेत्र के हुलहुन्‍दू में 20 जुलाई के तड़के करीब 3 बजे की है। वह पुलिस जवान सहित वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इस दौरान उसने पिकअप वैन को रुकने का इशारा किया। वाहन रोकने के बजाये चालक दारोगा को कुचलते हुए भागने लगा।

जानकारी के मुताबिक सिमडेगा से गौ तस्‍कर पिकअप वैन से पशुओं को लेकर जा रहे थे। इसकी सूचना मिलने के बाद सिमडेगा पुलिस ने उसका पीछा किया। हालांकि गौ तस्‍कर चमका देकर फरार हो गये। इसके बाद सिमडेगा पुलिस ने इसकी सूचना खूंटी पुलिस को दी। गौ तस्‍कर खूंटी पुलिस को भी चमका देकर रांची की ओर भागे।

गौ तस्‍करों के रांची की ओर जाने की सूचना मिलने पर संध्‍या टोपनो दलबल के साथ हुलदुन्‍दू के पास चेकिंग करने लगी। इस क्रम में पिकअप वैन को आता देखकर रूकने का इशारा किया। इसके बाद चालक दारोगा को कुचलते हुए भागने लगा। इस घटना में दारोगा की मौत हो गई। कुछ दूरी पर स्थित गश्‍ती दल ने चालक को पकड़ लिया। कई अन्‍य गौ तस्‍कर भागने में कामयाब रहे।

घटना की सूचना मिलने के बाद घटना स्‍थल पर हटिया डीएसपी राजा कुमार मित्रा, धुर्वा और जगरनाथपुर थाना प्रभारी भी मौके पर पहुंचे। दारोगा के शव को कब्‍जे में लेकर पोस्‍टमार्टम के लिए भेज दिया। अन्‍य तस्‍करों की तलाश की जा रही है।