बरेली के बाजार में 54 साल पहले अभिनेत्री का गिरा झुमका मिला, बना आकर्षण का केंद्र

उत्तर प्रदेश देश
Spread the love

उत्तर प्रदेश। साल 1966 में एक फिल्‍म आई थी। नाम था ‘मेरा साया’। इस फिल्‍म का एक गीत उन दिनों लोकप्रिय हुआ था। इसके बोल थे ‘झुमका गिरा रे बरेली के बाजार में …’ इसे अभिनेत्री साधना पर फिल्‍माया गया था।

करीब 54 साल बाद यह झुमका मिल गया है। इसे एक चौराहे पर टांग दिया गया है। इसे देखने के लिए दूर-दूर से लोग बरेली आ रहे हैं। बरेली उत्तर प्रदेश का एक शहर है। फिल्‍म के इस गीत के कारण यह पूरे भारत में प्रसिद्ध हो गया था।

बरेली विकास प्राधिकरण ने खोये झुमके को ढूंढ निकाला है। इसे शहर के एनएच 24 के जीरो प्‍वाइंट पर लगवाया है। इसका नाम भी ‘झुमका तिराहा’ रखा गया है। इसे वर्ष 2020 में बनाया गया है। अब यह पर्यटक क्षेत्र में बदल गया है।

झुमके की ऊंचाई 14 फीट और वजन 200 किलोग्राम है। इसे पीतल और तांबे को मिलाकर बनाया गया है। इसकी कीमत करीब 14 लाख  रुपये है। गुड़गांव के एक कारीगर ने इसे बनाया है।      

इस प्रसिद्ध गाने को राजा मेहंदी अली खान ने लिखा था। इसे आशा भोसले ने गाया था। संगीत मदन मोहन का था। आज भी यह गीत लोगों की जुबान पर है। झुमका मिलने के साथ ही बरेली एक बार फिर से लोगों के आकर्षण का केंद्र बन गया है।