रोमांटिक म्यूजिक वीडियो ‘जिया जाए ना’ रिलीज के लिए तैयार, झारखंड में हुई शूटिंग

मनोरंजन
Spread the love

विवेक चौबे

गढ़वा। हिंदी रोमांटिक म्यूजिक वीडियो ‘जिया जाए ना’ रिलीज के लिए तैयार है। इसकी शूटिंग झारखंड के विभिन्न लोकेशंस पर पूरी हो गई है। नोएडा के प्रोडक्शन हाउस मिनी माइंड्स एंटरटेनमेंट के बैनर तले इसकी शूटिंग 1 जून से ही झारखंड के विभिन्न पर्यटक स्थलों पर की जा रही थी। म्यूजिक वीडियो के राइटर और डायरेक्टर झारखंड के गढ़वा निवासी हिमांशु रंजन हैं।

हिमांशु रंजन ने बताया कि प्रोडक्शन हाउस द्वारा म्यूजि‍क वीडियो की शूटिंग के लिए उत्तराखंड के ऋषिकेश और मसूरी में लोकेशंस फाइनलाइज किये गये थे। हालांकि झारखंड में भी एक से बढ़ कर एक खूबसूरत लोकेशंस होने के कारण इसे यहां शिफ्ट कराया गया। म्यूजि‍क वीडियो की शूटिंग रांची, नेतरहाट और उसके आस-पास के क्षेत्र में की गई है।

म्यूजि‍क वीडियो में रांची का पतरातु लेक एंड रेजोर्ट, पतरातु वैली, जोन्हा फॉल, दशम फॉल, मैकलुस्कीगंज का नकटा पहाड़, नेतरहाट का मैग्नोलिया सनसेट प्वाइंट, कोयल व्यू प्वाइंट, शैलेट हाउस, पाइन फॉरेस्ट व अन्य दिखेंगे। वीडियो को झारखंड के विभिन्न स्थलों पर शूट करने का उद्देश्य राज्य के पर्यटक स्थलों को बढ़ावा देना और एक मेनस्ट्रीम फिल्म शूटिंग लोकेशन के रूप में स्थापित करना है। जल्द ही झारखंड में यहां की पृष्ठभूमि पर आधारित फीचर फिल्म का निर्माण किया जाएगा। इसकी प्री प्रोडक्शन शुरू हो चुका है।

म्यूजिक वीडियो ‘जिया जाए ना’ जुलाई में यूट्यूब के एक बड़े प्लेटफार्म पर रिलीज होने जा रही है। इसमें लीड रोड में दिल्ली के एक्‍टर फिरोज सलमान अली, असम की एक्ट्रेस गीत क्षेत्री है। सिनेमेटोग्राफर रांची के अंकुश कसेड़ा हैं। प्रोडक्शन मैनेजर व लाइन प्रोड्यूसर का काम अक्षय उपाध्याय और विवेक पांडेय ने किया है। असिस्टेंट डायरेक्टर ओम प्रकाश हैं। गाने में स्वर सौरभ साहू ने और म्यूजि‍क अभिलाष अग्रवाल का है।