रांची : उपद्रवी घटना की जांच के लिए उच्‍चस्‍तरीय कमेटी गठित, इंटरनेट बहाल

झारखंड मुख्य समाचार
Spread the love

  • कमेटी को एक सप्‍ताह में रिपोर्ट देने का निर्देश

रांची। झारखंड की राजधानी रांची में शुक्रवार को हुई उपद्रवी घटना की जांच के लिए सरकार ने दो सदस्‍यीय उच्‍चस्‍तरीय कमेटी गठित की है। कमेटी को सभी पहलुओं की जांच कर एक सप्‍ताह में रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया है।

मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन ने रांची के मेन रोड में घटना की जांच के लिए दो सदस्यीय उच्च स्तरीय जांच कमेटी का गठन किया है। कमेटी में सचिव डॉ अमिताभ कौशल और अपर पुलिस महानिदेशक संजय लाटकर शामिल हैं। कमेटी को सभी पहलुओं की जांच कर एक सप्ताह के अंदर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया है।

जानकारी हो कि 10 जून को भाजपा की निलंबित प्रवक्‍ता नुपूर शर्मा के बयान के विरोध में जुलूस निकाला गया था। बाद में जुलूस हिंसक हो गई। इसमें शामिल लोगों ने आगजनी, तोड़फोड़ और पत्‍थरबाजी की। गोली चलाने की बात भी सामने आ रही है। उपद्रवियों को शांत करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज और हवाई फायरिंग भी करनी पड़ी।

हिंसक घटना में दो लोगों की मौत हो गई। करीब 23 लोग घायल हो गये। घायलों का इलाज रिम्‍स में चल रहा है। इसके विरोध में शनिवार को रांची बंद की अपील की गई थी। इसका व्‍यापक असर भी देखने को मिला था। रांची शहर सहित कई इलाकों में लोगों ने अपनी दुकानें बंद रखी। सड़कें वीरान नजर आई।

हालात को देखते हुए सरकार ने रांची जिले में इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई थी। धारा 144 भी लागू की गई थी। करीब 36 घंटे बाद इंटरनेट सेवा बहाल की गई। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।