उर्दू शिक्षक संघ की मांग, कैबिनेट में निर्णय लेकर सरकार लागू करे पुरानी पेंशन योजना

झारखंड
Spread the love

रांची। झारखंड राज्य उर्दू शिक्षक संघ ने मुख्य्मंत्री हेमंत सोरेन द्वारा पुरानी पेंशन लागू करने की घोषणा का स्वागत किया है। जल्द से जल्द कैबिनेट में निर्णय लेकर इसे लागू करने की मांग की है, ताकि 15 अगस्त को देश की आजादी और नई पेंशन योजना का संयुक्त रूप जश्‍न मनाया जा सके।

संघ के प्रदेश महासचिव अमीन अहमद ने कहा कि झारखंड के शिक्षक एवं सभी कर्मियों के लिए 26 जून एक ऐतिहासिक दिन साबित हुआ। उस दिन सीएम ने पुरानी पेंशन योजना लागू करने की घोषणा की। झारखंड प्रदेश से पचास से अधिक विभि‍न्न संगठनों से जुड़े शिक्षक एवं राज्यकर्मी सीएम की घोषणा के गवाह बने। संघ के आह्वान पर पश्चिमी सिंहभूम, बोकारो, चतरा, रांची, सरायकेला-खरसावां, लोहरदगा, गिरीडीह, पूर्वी सिंहभूम समेत अन्य जिलों से सदस्‍य कार्यक्रम में शामिल हुए।

अमीन अहमद ने कहा कि झारखंड उर्दू शिक्षक संघ पुरानी पेंशन योजना को झारखंड में 2004 से ही लागू कराने के पक्ष में है। इससे कम में कोई समझौता नहीं किया जायेगा। उन्होंने कहा कि पेंशन पुन: लागू हो जाने से कर्मी की मृत्यु के बाद भी उसका परिवार अपना भरण पोषण कर सकेगा। परिवार के सदस्यों को सड़कों पर भटकने से रोकने के लिए हमें अपना हक संयुक्त आंदोलन के माध्यम से हासिल करना होगा।