ब्रेकिंगः एकनाथ शिंदे बने महाराष्ट्र के नए मुख्यमंत्री, देवेंद्र फडणवीस ने ली डिप्टी सीएम पद की शपथ

देश मुंबई
Spread the love

मुंबई। अभी की ब्रेकिंग खबर यह है कि शिवसेना के एकनाथ शिंदे ने गुरुवार को महाराष्ट्र के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। उन्हें राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

इसके साथ ही राज्यपाल ने देवेंद्र फडणवीस को भी उपमुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई।

एक चौंकाने वाले घटनाक्रम में फडणवीस ने घोषणा की थी कि शिंदे महाराष्ट्र के नये मुख्यमंत्री होंगे। फडणवीस और शिंदे की राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मुलाकात के बाद यह घोषणा की गई।

हालांकि, तब तक कयास लगाये जा रहे थे कि एकनाथ के नेतृत्व वाले बागी शिवसेना विधायकों के समर्थन से फडणवीस तीसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

महाराष्ट्र विधानसभा में सबसे बड़ा दल होने के बावजूद भाजपा ने शिंदे गुट को अपना समर्थन देने की घोषणा की। हालांकि फडणवीस ने यह भी कहा था कि वह नई सरकार में शामिल नहीं होंगे।

उन्होंने कहा, “मैं सरकार से बाहर रहूंगा, हालांकि, सरकार का सुचारू रूप से संचालन सुनिश्चित करूंगा जो उद्धव ठाकरे के इस्तीफे के बाद विकल्प के तौर पर सामने आई है।”

इसके बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, राज्य के भावी मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के मंत्रिमंडल में शामिल होंगे।

नड्डा ने सिलसिलेवार ट्वीट कर कहा कि भाजपा ने महाराष्ट्र की जनता की भलाई के लिए बड़े मन का परिचय देते हुए एकनाथ शिंदे का समर्थन करने का निर्णय किया।

उन्होंने कहा, “देवेन्द्र फडणवीस ने भी बड़ा मन दिखाते हुए मंत्रिमंडल में शामिल होने का निर्णय किया है, जो महाराष्ट्र की जनता के प्रति उनके लगाव को दर्शाता है।”