मोदी सरकार की उपलब्धि बता रही भाजपा, वायदे पर बात नहीं करती : कांग्रेस

Uncategorized
Spread the love

रांची। मोदी सरकार के आठ साल पूरे होने पर भाजपा द्वारा उसकी उपलब्धि को प्रमुखता से गिनाया गया है। हालांकि यह नहीं बताया जा रहा है कि सत्ता में आने से पहले लोगों से जो वादे किए गये थे, उनका क्या हुआ। उक्‍त बातें झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की प्रवक्ता आभा सिन्हा ने कही।

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि मोदी सरकार के कार्यों की तारीफ के पुल बांधे जा रहे हैं, लेकिन यह नहीं बताया जा रहा है कि दो करोड़ नौकरियां देने का जो वादा किया गया था, उसका क्या हुआ। पिछले आठ साल के दौरान देश में माहौल बहुत खराब हुआ है।

श्रीमती सिन्‍हा ने कहा कि पिछले 70 साल के दौरान देश का विकास जिस गति से हुआ है, उससे तेज गति से इस सरकार ने स्थिति खराब कर दी है। देश की प्रगति के लिए जिन सार्वजनिक उपक्रमों-पीएसयू का गठन किया गया था, उनको मोदी सरकार बेच रही है। सरकारी नौकरियों के अवसर खत्म कर आरक्षण को समाप्त करने का काम कर रही है।

प्रवक्ता ने कहा कि रुपया 70 साल के इतिहास में पहली बार इतने निचले स्तर पर पहुंचा है। पेट्रोल डीजल के दाम बहुत ऊंचे कर दिये गये हैं, जबकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम बहुत कम हैं। इसके बावजूद तेल महंगा बेचा जा रहा है, जिससे आम लोगों का जीना दूभर हो गया है। पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने के कारण आवश्यक वस्तुओं की कीमतें आसमान छू रही हैं।

श्रीमती सिन्‍हा ने कहा कि मोदी सरकार उज्ज्वला योजना का ढोल पीटती है, लेकिन नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) ने इस सरकार की इस योजना को असफल बताया है। कहा है कि लोग सिलेंडर एक बार भराने आते हैं, लेकिन इसकी कीमत अत्यधिक होने के कारण दूसरी बार उसे भराने के लिए नहीं आते हैं।