रांची में अवैध क्रशर संचालकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 13 को किया गया ध्वस्त

झारखंड
Spread the love

  • वैध कागजातों के नहीं पाए जाने पर 7 अन्य पर की जा रही है अग्रतर कार्रवाई

रांची। झारखंड की राजधानी रांची में अवैध खनन और क्रशर संचालन के विरुद्ध जिला प्रशासन सख्त कार्रवाई कर रहा है। इस कड़ी में 7 जून को जिला प्रशासन ने ओरमांझी अंचल में अवैध रूप से संचालित 13 क्रशरों को ध्वस्त किया।

जिला प्रशासन द्वारा ओरमांझी अंचल के खीराबेड़ा में अवैध क्रशर के खिलाफ अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था ) और रांची सदर अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा किया गया। अभियान के संचालन के दौरान डिस्ट्रिक्ट टास्क फोर्स की टीम में जिला खनन पदाधिकारी, सहायक खनन पदाधिकारी, अंचल अधिकारी ओरमांझी, पुलिस उपाधीक्षक सिल्ली, खान निरीक्षक, क्षेत्रीय पदाधिकारी (प्रदूषण), कारखाना निरीक्षक और कनीय विद्युत अभियंता मौजूद थे।

अभियान के दौरान बिना वैध पट्टा और अन्य वैध कागजात के बिना संचालन किए जा रहे 13 क्रशरों को ध्वस्त किया गया। कागजातों की कमी पाए जाने पर 7 अन्य क्रशर संचालकों को नोटिस भी किया जा रहा है। उनपर अग्रतर कार्रवाई की जा रही है।

अवैध खनन, अवैध क्रशर संचालन तथा अवैध ट्रांसपोर्टेशन की रोकथाम के लिए जिला प्रशासन सख्ती से कार्रवाई कर रहा है। अभियान के रूप में आने वाले दिनों में भी जारी रहेगा।