खदान में मिला दो आदिवासी युवकों का शव, पास पड़ी थी बाइक

अपराध झारखंड
Spread the love

प्रशांत अंबष्‍ठ

बोकारो। गोमिया प्रखंड के महुआटांड थाना क्षेत्र अंतर्गत कंडेर पंचायत के सिमराबेडा दो आदि‍वासी युवकों की हत्या से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। दोनों युवक सिमराबेडा के हैं। उनका शव खदान में मिला। रिश्ते में दोनों ममेरा-फुफेरा भाई हैं। दोनों शवों की पहचान कर ली गई है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।

बाईक और मोबाइल मिला

एक युवक सिमराबेडा निवासी बीरालाल मरांडी का 25 वर्षीय पुत्र महाबीर मरांडी और दूसरा जगमोहन हांसदा का 29 वर्षीय पुत्र प्रदीप हांसदा है। घटना की सूचना मिलने पर महुआटांड पुलिस सिमराबेडा पहुंची। शवों को कब्जे में लेकर कागजी प्रक्रिया पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए तेनुघाट अनुमंडलीय अस्पताल भेज दी। इस घटना से सिमराबेडा में मातम छा गया। मृतक के परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। घटना के कारण की कोई जानकारी नहीं मिल पायी है।बहरहाल पुलिस इसे अज्ञात अपराधियों द्वारा हत्या कर शव को अवैध खदान में फेंके जाने से संबंधित हर बिंदु पर जांच पड़ताल करने में जुटी है। घटनास्थल से पुलिस ने मृतक महावीर मरांडी की बाइक और प्रदीप हांसदा का मोबाइल फोन बरामद किया है।

समान पहुंचाने निकला था

ग्रामीणों के अनुसार रविवार को मृतक महावीर मरांडी के मामा चंदराम हांसदा के दो बेटों की शादी रामगढ़ जिला के उरीमारी बारात जानी थी। लगभग पांच बजे चंदराम के घर से दोनों बेटों की बारात निकली। बारात में गांव के लगभग सभी लोग शामिल थे। महावीर मरांडी अपने  घर में फोन चार्ज में लगाकर पत्नी मनीषा भारती से शादी के लिए कुछ समान मामा के घर पहुंचाने की बात कहकर निकला। फिर वापस घर नहीं आया। तब उसकी पत्नी ने उसके दोस्त, रिश्तेदार और प्रदीप के मोबाइल फोन पर संपर्क किया। प्रदीप का मोबाइल बंद था। इसके बाद उसकी पत्नी सहित अन्य लोगों ने खोजबीन शुरू की, लेकिन कही कुछ पता नहीं चला।

महिलाओं ने देखा था शव

सोमवार की सुबह जब कुछ महिलाएं खदान की गयी, तब एक मोटर साइकिल दिखी। खदान की झांककर देखी तो दो लोग अचेत अवस्था में पडे थे। महिलाओं ने इसकी सूचना आसपास के लोगों को दी। फिर वहां लोगों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। लोगों ने खदान से दोनों को निकाला। दोनों की पहचान हुई। उनकी मौत हो चुकी थी। दोनों के शरीर पर चोट के निशान भी थे। ग्रामीणों ने इसकी सूचना महुआटांड पुलिस को दी। महुआटांड थाना प्रभारी विवेक तिवारी ने कहा कि प्रथम दृष्टया में दोनों की हत्या प्रतीत होता है। पुलिस घटना की हर एंगल से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही कुछ कहा जाता सकता है।

घटनास्थल पहुंचे पूर्व विधायक

सिमराबेडा के अवैध कोयला खदान में दो युवक के शव मिलने की सूचना पाकर गोमिया के पूर्व विधायक योगेंद्र प्रसाद सिमराबेडा पहुंचे। उन्होंने लोगों से जानकारी ली। घटना पर दुख व्यक्त करते हुए इसकी सूचना बोकारो पुलिस अधीक्षक को दूरभाष पर दी। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से घटना में संलिप्त अपराधियों को अविलंब गिरफ्तारी की मांग की है।