दुष्कर्म के आरोपी ने अदालत की छठी मंजिल से कूदकर दी जान

अन्य राज्य अपराध देश
Spread the love

फरिदाबाद। पेशी पर आए दुष्कर्म के एक आरोपी ने फरीदाबाद में अदालत की छठी मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली।

15 जून 2021 को खेड़ी पुल थाने में सूरज पर किशोरी को शादी की नीयत से भगाने का केस दर्ज था। 24 जून को पुलिस ने किशोरी को बरामद कर सूरज को गिरफ्तार कर लिया। जेल से बाहर आकर उसने पीड़िता से शादी कर ली। तब तक पीड़िता 18 साल की हो चुकी थी। शादी के बाद से सूरज अपने मां बाप से अलग पत्नी के साथ रह रहा था।

इधर, दुष्कर्म का मामला अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश जैसमीन शर्मा की अदालत में चल रहा था। मृतक सूरज (21) गाजियाबाद (यूपी) की खोड़ा कॉलोनी में पत्नी के साथ रहता था। सूरज पहले फरीदाबाद की एक फैक्टरी में नौकरी करता था। शनिवार को वह माता-पिता के साथ छठी मंजिल पर स्थित अदालत में पेशी पर आया था।

अधिवक्ता शाहिद अली ने बताया कि स्थायी जमानत पर बहस होनी थी। सुनवाई के बाद सूरज कोर्ट से बाहर निकला और गैलरी की करीब चार फीट ऊंची दीवार से नीचे छलांग लगा दी। पुलिस कर्मियों ने उसे उठाया, लेकिन वह मौके पर ही दम तोड़ चुका था।