रांची का तापमान 19 डिग्री गिरा, आने वाले दिनों में ऐसा रहेगा मौसम

झारखंड मुख्य समाचार मौसम
Spread the love

रांची। झारखंड में शनिवार को दोपहर बाद मौसम का मिजाज बदल गया। गर्जन के साथ आंधी चली। राजधानी रांची सहित राज्‍य के कई जिलों में बारिश हुई। राजधानी रांची में दोपहर को हुई वर्षा की वजह से तापमान में तेजी से गिरावट देखी गई।

रांची मौसम केंद्र के मुताबिक दिन का तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह आज के दर्ज अधिकतम तापमान से लगभग 19 डिग्री सेल्‍सियस कम है। बारिश के बाद अन्‍य शहरों में भी तापमान में 4 से 7 डिग्री सेल्सियस तक कमी दर्ज की गई। रांची में 15 मिली मीटर और जमशेदपुर में 1 मिली मीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

बारिश और तेज हवा के कारण कई जगहों पर पेड़ उखड़ कर सड़क पर गिर गये। इससे आवागम भी प्रभावित रहा। रांची के कई इलाकों में घंटों बिजली की आपूर्ति बाधित रही। बिजली का आना-जाना देर रात तक जारी रहा।

मौसम केंद्र के मुताबिक अगले 3-4 दिनों में धीरे-धीरे तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने की संभावना है। अगले छह दिनों में राज्‍य के विभिन्‍न जिलों में हल्‍की से मध्‍यम दर्जे की बारिश होती रहेगी।

इस दिन तक बारिश संभव

22 से 24 मई तक राज्‍य में कहीं-कहीं हल्‍की से मध्‍यम दर्जे की बारिश हो सकती है।

25 मई को पूर्वी सिंहभूम, पश्चिम सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, पाकुड़, जामताड़ा, साहिबगंज में कहीं-कहीं हल्‍की बारिश होने की संभावना है।

26 और 27 मई को राज्‍य में कहीं-कहीं हल्‍की से मध्‍यम दर्जे की बारिश होने की उम्‍मीद है।

इन जिलों में चलेगी आंधी

22, 23 और 24 मई को राज्‍य में कहीं-कहीं गर्जन के साथ वज्रपात होने की आशंका है। कुछ जगहों पर तेज सतही हवा चलेगी। इसकी गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा होने की संभावना है।

25 मई को पूर्वी सिंहभूम, पश्चिम सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, पाकुड़, जामताड़ा, साहिबगंज में कहीं-कहीं गर्जन के साथ वज्रपात होने की आशंका है।