पंचायत चुनाव : किस्को एवं पेशरार प्रखंड के लिए 150 पोलिंग पार्टियां रवाना

झारखंड
Spread the love

आनंद कुमार सोनी

लोहरदगा। त्रिस्तरीय पंचायत (आम) निर्वाचन-2022 के प्रथम चरण अंतर्गत किस्को एवं पेशरार प्रखंड में 14 मई को मतदान होना है। इसके लिए शुक्रवार को 150 पोलिंग पार्टियां समाहरणालय परिसर से रवाना हो गईं। इससे पूर्व गुरूवार को 21 पोलिंग पार्टिंयां प्रथम चरण के मतदान के लिए रवाना हुईं थीं। आज सभी पोलिंग पार्टिंयों को उनके मतदान सामग्री के साथ रवाना किया गया। सभी पोलिंग पार्टियों के साथ उनके सेक्टर मजिस्ट्रेट भी मौजूद थे।

इस मौके उपायुक्त डॉ बाघमारे प्रसाद कृष्ण द्वारा ब्रीफिंग में सभी पोलिंग पार्टियों को ससमय मतदान प्रारंभ कराने, मतदान की प्रक्रिया त्रुटिरहित संपन्न कराने, निरंतर अपने सेक्टर मजिस्ट्रेट के संपर्क में रहने, मतदान की प्रक्रिया लगातार जारी रखने समेत अन्य निर्देश दिये गये।

पुलिस अधीक्षक आर रामकुमार द्वारा सुरक्षा संबंधी निर्देश दिए गए। इस मौके पर उप विकास आयुक्त गरिमा सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी अरविंद कुमार लाल, कोषांगों के वरीय पदाधिकारी/प्रभारी पदाधिकारी व अन्य कर्मी उपस्थित थे।

प्रातः 7 बजे से मतदान

प्रथम चरण का मतदान प्रातः 7 बजे से 3 बजे अपराह्न तक चलेगा। किस्को प्रखंड में 109 और पेशरार प्रखंड में 62 मतदान केंद्र बनाये गये हैं। किस्को प्रखंड में 40,802 मतदाता हैं, जिनमें पुरूष-20,473 और महिला-20,329 हैं। पेशरार प्रखंड में 20,608 मतदाता हैं, जिनमें पुरूष-10,657 और महिला-9,951 हैं। किस्को प्रखंड में 21 और पेशरार प्रखंड में 08 क्लस्टर बनाये गए हैं।

मतगणना 17 मई को

प्रथम चरण की समाप्ति के बाद मतगणना 17 मई, 2022 को प्रातः 8 बजे से कृषि बाजार प्रांगण में होगी।