झारखंड के छऊ नृत्य से गुलजार होगा नरेंद्र मोदी स्टेडियम अहमदाबाद, ये कलाकार बांधेंगे समां

झारखंड
Spread the love

रांची। आईपीएल के समापन समारोह में 29 मई को झारखंड के प्रसिद्ध छऊ नृत्य की 10 सदस्यीय टीम अपनी प्रस्तुति देगी। ये सभी कलाकार सरायकेला-खरसावां के ईचागढ़ प्रखंड के सुदूरवर्ती गांव चोगा के रहने वाले प्रभात कुमार महतो के नेतृत्व में प्रस्तुति देंगे। सभी कलाकार प्रभात कुमार महतो के साथ अहमदाबाद के लिए रवाना हो गए हैं।

आईपीएल के समापन समारोह में छऊ नृत्य की प्रस्तुति देनेवाले कलाकारों में सुचांद महतो, जगदीश चंद्र महतो, श्रवण गोप, सीताराम महतो, रामदेव महतो, सदानंद गोप, गणेश महतो, ललित महतो और मंटू महतो शामिल हैं। प्रभात कुमार महतो ने बताया कि टीम उत्साह में है। उन्हें कुछ दिन पहले ही इसकी जानकारी मिली। इसके साथ ही सभी ने अपनी तैयारी शुरू कर दी। उनके लिए यह गौरव की बात है कि झारखंड के सुदूर इलाके के कलाकार को अंतरराष्ट्रीय मंच साझा करने का मौका मिल रहा है।

टीम का प्रतिनिधित्व करने वाले प्रभात कुमार महतो ने आज से 23 साल पहले साल 1999 में नटराज कला केंद्र नाम से कलाकारों की टीम का गठन किया था। इस टीम ने देश भीतर ही नहीं, बल्कि सरहद पार भूटान, ताईवान, हांगकांग, दुबई समेत कई देशों में छऊ नृत्य प्रस्तुत कर चुकी है।

नटराज कला केंद्र के कलाकारों को गणेश, परशुराम पाठ, महिषासुर वध, अभिमन्यु पाठ, जाम्बवती विवाह, कृष्ण लीला, हिरण्यकश्यप वध, संथाल विद्रोह, बिरसा मुंडा और चुहाड़ विद्रोह के महानायक शहीद रघुनाथ महतो की प्रस्तुति से सबसे ज्यादा पहचान मिली है।