मुंबई-दुर्गापुर विमान हादसा : झारखंड के आठ यात्री घायल, नहीं बांध रखी थी सीट बेल्ट

झारखंड
Spread the love

रांची। रविवार की रात मुंबई-दुर्गापुर विमान हादसे में घायल 17 यात्रियों में झारखंंड के आठ यात्री शामिल हैं। वहीं एक बीरभूम और एक आसनसोल का यात्री शामिल है। सभी घायलों को स्थानीय डायमंड और सिटी नर्सिंग होम में दाखिल कराया गया है। पुलिस के वरीय अधिकारी घटना स्थल पर पहुंचे। पुलिस उपायुक्त (ईस्ट) अभिषेक गुप्ता ने बताया कि यात्रियों को विभिन्न अस्पतालों में दाखिल कराया गया है, स्थिति सामान्य है।

सूत्रों के अनुसार काजी नजरुल एयरपोर्ट अंडाल दुर्गापुर में रविवार को मुंबई-दुर्गापुर विमान लैंडिंग से पूर्व पांच हजार फीट की ऊंचाई पर काल बैशाखी की आंधी से टकरा गया था। इस कारण विमान को हवा ने नीचे से ऊपर धकेल दिया. इससे विमान में दो बार झटका आया। इस दौरान सीट बेल्ट नहीं बांधने वाले यात्री घायल हो गए। पायलट ने अपनी सूझ-बूझ से विमान को सही तरीके से लैंड कराया। घायलों में झारखंड के गिरिडीह अंतर्गत बगोदर थाना इलाके के बेका निवासी अकबर अंसारी (47), दुमका जिला के मसलिया थाना अंतर्गत खुटोजोड़ी निवासी रफीक अंसारी (31), दुमका जिले के जंजीद अंसारी (38), मोहम्मद एमाऊल अंसारी (22) शामिल हैं।

वहीं देवघर जिले के पालाजोड़ी थाना अंतर्गत पाहरूडी गांव के अख्तर अंसारी (30), देवघर जिला अंतर्गत मोहनपुर गांव की कविता मुकेश तिवारी (30), गिरिडीह नेरनिया घाट थाना अंतर्गत लक्ष्मा के जुम्मन अंसारी (54) और जामताड़ा जिले की ममता दूबे (38) घायल हो गईं।

पश्चिम बर्दवान जिला के आसनसोल साऊथ थाना क्षेत्र की निवासी अलोका सेनगुप्ता (70) और बीरभूम जिले के मोल्लारपुर थाना क्षेत्र के हाजीपुर गांव के निवासी मोजम्मल शेख (42) घायल हुए हैं।