झारखंड में भी चक्रवात ‘असानी’ का पड़ेगा असर, यहां चलेगी आंधी

झारखंड मुख्य समाचार मौसम
Spread the love

रांची। चक्रवात ‘असानी’ का असर झारखंड में भी देखने को मिलेगा। इसके कारण बुधवार से राज्य के कई जिलों में बारिश होगी। कुछ जगहों पर आंधी चलेगी। वज्रपात भी होगा। यह जानकारी रांची मौसम केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने 9 मई को दी।

आनंद ने बताया कि चक्रवात अभी बंगाल की खाड़ी में स्थित है। यह उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। मंगलवार को यह कमजोर होते हुए बंगाल की खाड़ी में ही साइक्लोनिक स्टॉर्म बनेगा। 10 मई की देर शाम और रात में यह उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तट के पास में पहुंचेगा। इसके तट से टकराने की संभावना बहुत कम है। यह तट के पास में ही रहेगा और कमजोर होता रहेगा। 10 मई के बाद से यह उत्तर-पूर्वी दिशा में कमजोर होता हुआ समुद्र में खत्म हो जाएगा। इसके कारण आंध्र प्रदेश, ओडिशा, बंगाल में अच्छी बारिश देखने को मिलेगी।

इस दिन से लगातार बारिश

आनंद ने बताया कि झारखंड में भी इसका आंशिक असर देखने को मिलेगा। 10 मई को राज्य के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश देखने को मिल सकती है। इसका असर पूर्वी सिंहभूम, पश्चिम सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, पाकुड़, जामताड़ा, साहिबगंज, रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़ में कहीं-कहीं देखने को मिलेगा।

आनंद ने बताया कि 11 मई से चक्रवात असानी के बादलों का समूह झारखंड की ओर अग्रसर होगा। यह बंगाल की खाड़ी से झारखंड की तरफ आएगा। इसके कारण 11 से 13 मई तक पूर्वी सिंहभूम, पश्चिम सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, पाकुड़, जामताड़ा, साहिबगंज, रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़ में कहीं-कहीं हल्‍की बारिश होने की संभावना है।

केंद्र के मुताबिक 14 मई को पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसांवा, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज में बारिश होने की संभावना है।

इसी तरह 15 मई को देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, पाकुड़, जामताड़ा, साहिबगंज में कहीं-कहीं हल्‍की बारिश होने की संभावना है।

इस दिन चलेगी आंधी

अभिषेक आनंद मुताबिक 11 से 13 मई तक पूर्वी सिंहभूम, पश्चिम सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, पाकुड़, जामताड़ा, साहिबगंज, रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़ में कहीं-कहीं गर्जन के साथ वज्रपात होने की आशंका है। कुछ जगहों पर तेज सतही हवा चलेगी। इसकी गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा होने की उम्‍मीद है।