नव उदारवाद और विभाजनकारी नीतियों के खिलाफ अभियान चलाएगा सीटू

झारखंड
Spread the love

रांची। नव उदारवाद और सांप्रदायिक विभाजनकारी नीतियों के खिलाफ वर्गीय एकता एवं जन एकता को मजबूत करो के नारे के साथ झारखंड के मजदूरों के बीच सीटू अभियान चलाएगा। सीटू का 7वां झारखंड राज्य सम्मेलन नवंबर, 22 में जमशेदपुर में होगा। यह निर्णय 4 मई को सीएमपीडीआई में संपन्न सीटू राज्य कमेटी की बैठक में लिया गया।

मौके पर सांप्रदायिक ताकतों द्वारा धर्म के नाम पर श्रमिकों के बीच विभाजन की साजिश को पराजित करने के लिए विशेष कार्ययोजना पर चर्चा की गई। इसे लागू करने के लिए अगले एक माह में सीटू से संबद्ध सभी यूनियनों की जेनरल बॉडी मीटिंग की जायेगी। इसके बाद मजदूरों से घर-घर जाकर संपर्क किया जायेगा।

बैठक में बेरोजगारी के मुद्दे पर छात्र-युवा संगठनों से समन्वय बनाकर आंदोलन चलाने का निर्णय लिया गया। स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ पर आजादी के आंदोलन में मजदूर वर्ग की भूमिका विषय पर आम जनता के बीच अभियान चलाया जाएगा। एक प्रस्ताव पारित कर रांची नगर निगम द्वारा अपने सफाई कर्मचारियों को जीपीएस और कैमरायुक्त बैंड लगाए जाने की योजना की निंदा की गयी। इसके कार्यान्वयन को रोके जाने की मांग की गयी।

सीटू राज्य कमेटी ने इंश्योरेंस सेक्टर में आईपीओ लाए जाने के खिलाफ इंश्योरेंस कर्मियों की आज की दो घंटे की हड़ताल का समर्थन किया।

बैठक में कोयला, इस्पात, निर्माण, परिवहन, बीडी पत्थर, बाक्साईट के अलावा स्कीम वर्कर और असंगठित क्षेत्र में कार्यरत यूनियन के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

बैठक की अध्यक्षता मिथिलेश सिंह ने की। मौके पर कोयला फेडरेशन के महासचिव डीडी रामानंदन, सीटू महासचिव प्रकाश विप्लव, केके त्रिपाठी, विजय भोय, बसंत कुमार, भवन सिंह, प्रदीप विश्वास, बलभद्र दास, विश्वजीत दे, संजय पासवान, लखनलाल मंडल शिव बालक पासवान, भारत भूषण, लीलामय गोस्वामी, प्रदीप विश्वास, देवनाथ महली और समीर विश्वास समेत राज्य कमेटी के अन्य सदस्य शामिल थे।