अवैध माइका खदान की चाल धंसने से दो मजदूर की मौत, दो गंभीर रूप से घायल

झारखंड
Spread the love

शुभम कुमार

गावां (गिरिडीह)। झारखंड के गिरिडीह जिले के गांवा थाना क्षेत्र की जमडार पंचायत अंतर्गत मुड़गड़वा जंगल में संचालित अवैध माइका खदान में बड़ा हादसा हुआ। सोमवार की दोपहर माइका निकालने के दौरान अचानक चाल धंस गई। इसमें दो लोगों की मौत हो गई। दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। इस घटना में कुछ और लोगों के दबे होने की भी आशंका जताई जा रही है।

हादसे के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल है। घटना की सूचना मिलने के बाद गावां थाना प्रभारी पिंटू कुमार, खोरोमहुआ एसडीएम धीरेंद्र कुमार सिंह, एसडीपीओ मुकेश कुमार महतो एवं इंस्पेक्टर परमेश्वर ल्यांगी मौके पर पहुंचे। दोनों शवों को कब्जे में ले लिया। मामले की छानबीन में जुट गए है।

बता दें कि गांवा के धरवे नावाडीह की पहाड़ियों में दर्जनों बड़ी-बड़ी अवैध माइका खदान संचालित हैं। इन खदानों में हर दिन दर्जनों से अधिक जेसीबी मशीन, ट्रैक्टर का प्रयोग किया जाता है। बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चों को माइका चुनने के लिए काम में लगाया जाता है। अवैध माइका खदानों में जिलेटिन का प्रयोग कर विस्फोट भी किया जाता है।

इधर गावां बीस सूत्री अध्यक्ष अजय सिंह ने कहा कि घटनास्थल को देखकर ऐसा लगता है कि वहां कई मजदूर के दबे होने की आशंका है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि उक्त स्थल पर डोजरिंग कर बेहतर तरीके से तलाशी ली जाए।