तेनुघाट जेल के बंदी की हुई मौत, आठ दिन पूर्व किया था सरेंडर

झारखंड
Spread the love

प्रशांत अंबष्‍ठ

बोकारो। तेनुघाट जेल में बंद एक बंदी की शुक्रवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। वह गोमिया थाना क्षेत्र के कोठीटांड गांव का रहने वाला है। उसकी उम्र 71 वर्ष थी। उसने आठ दिन पहले ही सरेंडर किया था।

मिलने आये थे परिजन

जानकारी के अनुसार गोमिया थाना क्षेत्र के कोठीटांड निवासी बंधु ठाकुर उर्फ बंधु हजाम ने 8 अप्रैल, 2022 को एसीजीएम के कोर्ट में सरेंडर किया था। मृतक के परिजनों ने बताया कि गुरुवार को उनकी पत्नी, बेटी और दामाद तेनुघाट उपकार मिलने के लिए गए थे। वहां बताया गया कि मुलाकाती का समय खत्म हो गया है। इसलिए मिलने नहीं दिया गया।

नहीं नहीं दी गई

परिजनों के मुताबिक शुक्रवार की सुबह जेल प्रशासन की ओर से खबर दी गई कि बंधु ठाकुर की मौत हो गई है। इसकी जानकारी मिलते सभी तेनुघाट अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे और जानकारी ली। मृतक के पुत्र टिंकू ठाकुर का कहना है कि यदि उनके पिता बीमार थे तो क्यों नहीं बताया गया। वे पिता को इलाज के लिए किसी अच्छे अस्पताल में भर्ती कराकर इलाज कराते।

रात में परेशानी

तेनुघाट उपकार के जेलर नीरज कुमार ने बताया कि बंधु ठाकुर बुजुर्ग था। इसलिए उसे जेल के अन्दर अस्पताल में ही रखा गया था। गुरुवार की रात उन्हें ज्यादा परेशानी होने के कारण अनुमंडलीय अस्पताल तेनुघाट में भर्ती कराया, जहां देर रात उसकी मौत हो गई।

सांस लेने में दिक्‍कत

तेनुघाट अनुमंडल अस्पताल के प्रभारी डॉ शंभु कुमार ने बताया कि जेल से बंधु ठाकुर को करीब 9.30 बजे रात अस्पताल लागया गया। उन्हें सांस लेने में दिक्कत थी। जैसे ही उसे यहां लाया गया, इलाज करने में जुट गए। हालांकि 2 घंटे के अंदर ही उनकी मौत हो गई।