नवादा के बाल सुधार गृह में किशोर ने फांसी लगाकर दी जान, सुरक्षा व्यवस्था पर उठा सवाल

देश बिहार
Spread the love

नवादा। बिहार के नवादा जिले के बाल सुधार गृह में किशोर ने फांसी लगाकर शुक्रवार को आत्महत्या कर ली है। मृतक किशोर गया जिले का रहने वाला बताया जाता है। किशोर को अभी दो दिन पूर्व हिसुआ थाने के विश्व शांति चौक से बाइक की मास्टर चाभी के साथ पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उसे बाल सुधार गृह में डाल दिया गया था।

फिलहाल शव को सदर अस्पताल में लाया गया है। बाल सुधार गृह के एक भी अधिकारी सदर अस्पताल में मौजूद नहीं हैं। वहीं मृतक के परिजन भी समाचार लिखे जाने तक सदर अस्पताल नहीं पहुंचे थे। घटना की जानकारी मिलते ही सदर एसडीपीओ उपेंद्र प्रसाद और अनुमंडल पदाधिकारी उमेश कुमार भारती सदर अस्पताल पहुंचकर जांच में जुट गये हैं।

गिरफ्तार किशोर पर पूर्व में बाइक चोरी का भी आरोप लगा है। वहीं जिस तरह से उसने फांसी लगा ली है, उससे बाल सुधार गृह की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठता है।