रिम्‍स के क्‍लर्क को एसीबी ने 5 हजार रुपये घूस लेते किया गिरफ्तार

झारखंड
Spread the love

रांची। झारखंड के सबसे बड़े सरकारी अस्‍पताल रिम्‍स के क्‍लर्क कुंदन कुमार को 5 हजार रुपये घूस लेते गिरफ्तार किया गया है। भ्रष्‍टाचार निरोधक ब्‍यूरो (एसीबी) की टीम ने उसे गिरफ्तार किया है। पेंशन राशि की निकासी के लिए वह पैसे की मांग कर रहा था।

जानकारी के मुताबिक रांची के खेलगांव के गाड़ीगांव पाहन टोली निवासी परिवादी शैलेंद्र कुमार तिवारी (लगभग 60 वर्ष) ने रांची ब्यूरो से शिकायत की थी। रांची के पुलिस निरीक्षक स्तर के पदाधिकारी से इसका सत्यापन कराया गया। इसके बाद 31 मार्च को मामला दर्ज किया गया।

मामला दर्ज करने के बाद ब्यूरो की रांची की टीम द्वारा कार्रवाई करते हुए रिम्‍स के क्‍लर्क कुंदन कुमार को 5 हजार रुपये घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।

उल्लेखनीय है कि परिवादी शैलेंद्र कुमार तिवारी 31 जनवरी, 2022 को सेवानिवृत हो चुके थे। सेवानिवृति के बाद उन्हें न्यू पेंशन योजना के तहत 3,48,578 रुपये मिलना था। इसकी निकासी के लिए रिम्स रांची की पेंशन शाखा में कार्यरत लिपिक कुंदन कुमार द्वारा 5 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही थी।