शिक्षा सचिव ने दिलाया भरोसा, गर्मी में शिक्षकों की छुट्टियां नहीं होगी रद्द

झारखंड
Spread the love

  • विद्यालय समय में परिवर्तन पर जल्‍द लिया जाएगा निर्णय
  • अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ ने किया अनुरोध

रांची। शिक्षा सचिव राजेश कुमार शर्मा ने विद्यालय के समय में परिवर्तन के जल्‍द निर्णय लिये जाने का भरोसा दिलाया। गर्मी में शिक्षकों की छुट्ट‍ियां रद्द नहीं किये जाने की बात भी कही। इस संबंध में 6 अप्रैल, 2022 को अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ ने अनुरोध किया। संघ के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष विजेंद्र चौबे के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल सचिव से मिला।

प्रतिनिधिमंडल ने उनसे विद्यालय संचालन अवधि प्रातः कालीन 7 से 1 बजे तक, सप्ताह के तीसरे शनिवार को छुट्टी, मध्यान्ह भोजन योजना सुचारू रूप से चलाने और शिक्षकों की वरीयता सूची निर्माण के संबंध में विस्तार से चर्चा की। संघ ने चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी को देखते हुए 7 से 1 बजे तक कक्षा संचालन को अव्यवहारिक बताया। छात्र हित में इसमें परिवर्तन करने का अनुरोध किया।

संघ के मुताबिक सचिव ने राज्य में गर्मी की भयावहता को स्वीकारा। शिक्षक संघ की बातों से सहमति‍ जताई। अनुरोध पर शीघ्र ही समय परिवर्तन करने का भरोसा दिलाया। सचिव ने इस संबंध में अलग से संघ को प्रस्ताव देने को कहा। माह के तीसरे शनिवार को अवकाश के संबंध में सचिव ने संघ को आश्वस्त किया कि‍ समझौते के अनुरूप शीघ्र ही अधिसूचना  जारी कर दी जाएगी।

एमडीएम सुगमता पूर्वक चलाने के लिए माता समिति को भेंडर बनाने और राशि सुगमता पूर्वक विद्यालय में पहुंचने के लिए सचिव ने तीन से चार दिनों के अंदर नियम में परिवर्तन  कर देने का भरोसा दिलाया। अभी छुट्टियां रद्द करने की आशंका पर उन्होंने संघ को आश्वस्त किया कि गर्मी में शिक्षकों की छुट्टियां रद्द नहीं की जाएगी।

लंबे समय से निलंबित गोड्डा जिला के 14 शिक्षकों का निलंबन पर आश्चर्य व्यक्त किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि‍ आज ही गोड्डा के उपायुक्त को निलंबन मुक्त करने का निर्देश देंगे।

संघ राज्य में शिक्षकों की प्रोन्नति और प्रोन्नति पर रोक हटने पर ध्यान आकृष्ट कराया। सभी जिलों को वरीयता सूची शीघ्र बनाने का निर्देश देने की मांग की। सचिव ने संघ को आश्वस्त किया कि जल्द ही इस पर गंभीर प्रयास किए जाएंगे। प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश अध्यक्ष विजेंद्र चौबे, मुख्य प्रवक्ता नसीम अहमद, प्रवक्ता राकेश कुमार, सोशल मीडिया प्रभारी अजय ज्ञानी शामिल थे।